अमेरिका के ह्यूस्टन से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कपल ने मशहूर फास्ट-फूड चेन Popeyes पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. कपल का दावा है कि उन्होंने जो फ्राइड चिकन ऑर्डर किया था, उसके एक टुकड़े के अंदर उन्हें कंडोम जैसा दिखने वाला सामान मिला. इस घटना के बाद दोनों ने खाना तुरंत छोड़ दिया और अब उन्होंने कंपनी के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया है. कपल ने इस मामले में 15 लाख डॉलर से ज्यादा के हर्जाने की मांग की है. मामला अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
चिकन खाते समय अचानक दिखी अजीब चीज
मामला 25 जुलाई का बताया जा रहा है. Justin Howard और Danielle McKinnon ने ह्यूस्टन के South Sam Houston Parkway West स्थित Popeyes आउटलेट से चिकन खरीदा था. मुकदमे के मुताबिक, Justin ने जैसे ही चिकन का एक टुकड़ा काटा, उन्हें उसके अंदर कुछ अजीब दिखाई दिया.
कपल का दावा है कि वह चीज देखने में कंडोम जैसी लग रही थी और वह चिकन के अंदर फंसी हुई थी. इसे देखकर दोनों बुरी तरह घबरा गए और उन्होंने खाना तुरंत बंद कर दिया.
कपल ने कहा- पता ही नहीं चला क्या खा लिया
कपल का कहना है कि इस घटना के बाद उन्हें डर लगने लगा कि कहीं उन्होंने उस चीज का कोई हिस्सा गलती से निगल तो नहीं लिया. उन्हें यह भी नहीं पता था कि वह सामान वास्तव में क्या था, चिकन के अंदर कितनी देर से था और खाने के दूसरे हिस्से भी सुरक्षित थे या नहीं.
उनके मुताबिक, यह घटना उनके लिए बेहद परेशान करने वाली थी और एक सामान्य पारिवारिक खाना अचानक डरावने अनुभव में बदल गया.
शिकायत करने पहुंचे तो स्टाफ पर भी लगाया आरोप
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. कपल का आरोप है कि वे शिकायत लेकर वापस रेस्टोरेंट पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनकी बात को गंभीरता से लेने के बजाय कथित तौर पर हंसी-मजाक किया. मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि कर्मचारियों ने कई बार चिकन बदलकर नया ऑर्डर देने की कोशिश की.
कपल का कहना है कि काफी जोर देने के बाद उन्हें आखिरकार रिफंड दिया गया. हालांकि, उनके मुताबिक इस मामले की उचित जांच करने पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया.
कंपनी और फ्रेंचाइजी के खिलाफ कोर्ट पहुंचे
कपल ने 3 अगस्त को Harris County District Court में मुकदमा दायर किया. मामले में Popeyes की पैरेंट कंपनी Restaurant Brands International, Popeyes Louisiana Kitchen और स्थानीय फ्रेंचाइजी ऑपरेटर AAMANA Businesses को भी आरोपी बनाया गया है.
मुकदमे में लापरवाही, खाने की सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन और टेक्सास के उपभोक्ता संरक्षण कानून के तहत कई आरोप लगाए गए हैं. कपल ने 15 लाख डॉलर से ज्यादा के हर्जाने की मांग की है.
मामले ने पकड़ा तूल, जांच की मांग
इस घटना की चर्चा मुकदमा दर्ज होने से पहले ही स्थानीय स्तर पर शुरू हो गई थी. स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी जुलाई के आखिर में रेस्टोरेंट पहुंचकर मामले की जांच की मांग की थी. उन्होंने प्रबंधन से इस मामले को गंभीरता से लेने और जांच पूरी होने तक उस आउटलेट पर चिकन की बिक्री रोकने की मांग भी की थी.
हालांकि, सबसे अहम बात यह है कि कपल का दावा अभी अदालत में आरोप के रूप में है और यह साबित होना बाकी है कि चिकन में मिला सामान वास्तव में क्या था और वह वहां कैसे पहुंचा. मामले की कानूनी प्रक्रिया के दौरान इन दावों की जांच होगी.
यह भी पढ़ेंः मां के दर्द पर रो पड़े आनंद महिंद्रा, स्मृति ईरानी को दिया ये जवाब
यूजर्स बोले, कंडोम में चिकन कौन डालता है भाई
सोशल मीडिया पर जैसे ही ये मामला वायरल हुआ लाखों लोगों ने इसे देखा और समझा. यूजर्स ने भी इसे लेकर तरह तरह के रिएक्शन दिए. एक यूजर ने लिखा…चिकन में भी कंडोम निकलने लगा है भाई गजब हो गया. एक और यूजर ने लिखा…इसलिए हमने बाहर खाना ही बंद कर दिया है. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…जितना बड़ा नाम उतना घटिया काम, हालांकि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए.
यह भी पढ़ेंः दिल्ली की बारिश में जूबी डूबी पर थिरकीं हसीनाएं, वीडियो देख बन जाएगा दिन





