रेपो रेट पर फैसले के बाद बिगड़ी शेयर बाजार की चाल, 79000 के स्तर से लुढ़का सेंसेक्स

रेपो रेट पर फैसले के बाद बिगड़ी शेयर बाजार की चाल, 79000 के स्तर से लुढ़का सेंसेक्स


Share Market Today August 5: रेपो रेट को लेकर आरबीआई का फैसला आने के बाद शेयर मार्केट की चाल भी बिगड़ गई और 79000 के पार खुला सेंसेक्स महज 304 अंकों की बढ़त के साथ 78733 पर आ गया. हालांकि, बाजार बेशक शुरुआती रिकॉर्ड ऊंचाई से 79055 के नीचे आ गया है, लेकिन यह भी भी कल के मुकाबले 300-350 अंकों की बढ़त के साथ हरे निशान पर कारोबार कर रहा है. 

रेपो रेट पर आज आरबीआई (Reserve Bank of India) का फैसला आने से पहले बाजार में हरियाली छाई हुई थी. बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 626 अंकों की बढ़त के साथ 79055 पर खुलने में कामयाब रहा. वहीं, एनएसई का निफ्टी 50 54 अंकों की तेजी के साथ 24669 के लेवल पर खुला.

रेपो रेट पर आरबीआई का फैसला

आज बाजार में निवेशकों की नजर रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनेटरी पॉलिसी कमिटी की तीन दिन तक चलने वाली बैठक के नतीजों पर रहेगी. पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान में छिड़ी जंग के चलते तनाव, अल-नीनो और महंगाई की चिंताओं के बीच एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि भारतीय रिजर्व बैंक मुख्य लेंडिंग रेट्स को पहले के 5.25% पर ही बरकरार रखेगा और ‘इंतजार करो और देखो’ (wait-and-watch) की नीति को अपनाएगा.

आज एशियाई बाजार

कच्चे तेल की गिरती कीमतों और वॉल स्ट्रीट रातभर की तेजी के बाद आज एशियाई बाजारों में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है.  अमेरिकी शेयर बाजार में कल आईटी और टेक शेयरों की जमकर खरीदारी की गई, जिससे बाजार रिकॉर्ड हाई लेवल पर बंद हुआ. इसका असर आज एशियाई बाजारों में भी देखा जा रहा है. इस दौरान जापान का निक्केई 225 3% तक उछल गया.  टोपिक्स ने भी 1.45% की बढ़त हासिल की. शुरुआती कारोबार में कोस्पी ने भी 3.96% की शानदार बढ़त दर्ज की, जबकि स्मॉल-कैप कोस्डैक 2.32% ऊपर चढ़ने में कामयाब रहा. 

अमेरिकी शेयर बाजार

अमेरिका और ईरान के बीच राजनयिक बातचीत के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के फिर से खुलने की खबर से अमेरिकी शेयर बाजार ने कल नई ऊंचाइयां हासिल की. इस दौरान निवेशकों में भी गजब का उत्साह दिखा. जून के बाद पहली बार S&P 500 इंडेक्स ने 1.79% की बढ़त हासिल की और 7,736.52 पर बंद होने में कामयाब रहा. नैस्डैक कम्पोजिट भी 2.59% बढ़कर 26,584.99 पर बंद हुआ. डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 907.47 अंक या 1.71% चढ़कर 54,085.88 पर बंद हुआ. 

कच्चे तेल की कीमत

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के यह कहने के बाद कि ईरान और ओमान के साथ होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है. हो सकता है कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) समझौता इसी हफ्ते हो जाए. इस खबर के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड फ्यूचर्स 0.50% गिरकर 75.39 डॉलर प्रति बैरल पर के स्तर पर आ गए हैं.  दूसरी ओर, ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स लगभग 0.25% गिरकर 79.16 डॉलर पर कारोबार कर रहे हैं. COMEX पर कच्चे तेल की कीमतें 0.41% गिरकर 75.46 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रही हैं. 

ये भी पढ़ें:

अब सस्ता होकर रहेगा पेट्रोल-डीजल! 80 डॉलर से नीचे आया क्रूड ऑयल