
करिश्मा खेमू ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि उनका परिवार कई सालों बाद अपने श्रीनगर वाले पुश्तैनी घर पहुंचा. उन्होंने कहा कि जिस घर को एक रात में छोड़ना पड़ा था, आज सालों बाद वे फिर उसी घर की दहलीज तक पहुंचे हैं. इस दौरान पूरा परिवार पुराने दिनों को याद करता नजर आया.

वीडियो में दिखाई देता है कि यह पारंपरिक कश्मीरी शैली का बहुमंजिला घर है. समय के साथ घर पुराना हो चुका है. दीवारों का रंग फीका पड़ गया है, लकड़ी के हिस्सों पर उम्र का असर साफ दिखाई देता है और कई जगह प्लास्टर भी उखड़ा हुआ नजर आता है. वहीं सबसे ऊपर की मंजिल पर लकड़ी की बनी बालकनी है, जिसे नक्काशीदार लकड़ी के खंभों का सहारा मिला हुआ है. बीच की मंजिलों में पत्थरों की दीवारें और गहरे भूरे रंग की लकड़ी की खिड़कियां दिखाई देती हैं.

घर के अंदर घूमते हुए करिश्मा की मां अलग-अलग कमरों के बारे में बताती हैं. उन्होंने कहा कि शादी के बाद वे घर की ऊपरी मंजिल पर सोया करती थीं. करिश्मा ने भी बताया कि यह उनकी मां का कमरा था, यहां उनके पिता पढ़ाई करते थे और परिवार साथ बैठता था. उन्होंने कहा कि घर का हर कमरा बचपन की किसी न किसी याद से जुड़ा हुआ है. उनकी मां ने यह भी याद किया कि एक बार उनकी बहन सीढ़ियों से गिर गई थीं.

करिश्मा ने बताया कि पहले जो पूरा घर एक ही परिवार का था, अब उसे छोटे-छोटे कमरों में बांट दिया गया है. आज हर कमरा अलग-अलग लोगों को किराये पर दिया गया है. उन्होंने यह भी बताया कि सीढ़ियों में बिजली नहीं थी और घर के ज्यादातर कमरे बंद पड़े थे.

कुनाल खेमू का जन्म श्रीनगर में हुआ था. बाद में उनका परिवार कश्मीर छोड़कर मुंबई आ गया. उस समय कुनाल की उम्र करीब साढ़े छह साल थी. कई साल बाद परिवार का अपने पुश्तैनी घर लौटना उनके लिए इमोशनल एक्सपीरियंस साबित हुआ, जिसकी झलक करिश्मा ने अपने वीडियो के जरिए लोगों के साथ शेयर की.
Published at : 02 Aug 2026 09:07 AM (IST)





