
इस रेसिपी के लिए 1 लीटर फुल क्रीम दूध, आधा कप चीनी, 2 से 3 ब्रेड स्लाइस और टेस्ट बढ़ाने के लिए इलायची पाउडर की जरूरत होगी. आप चाहें तो ऊपर से सजाने के लिए कटे हुए बादाम और पिस्ता भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

एक भारी तले वाले बर्तन में फुल क्रीम दूध डालकर मीडियम आंच पर उबालें. जब दूध में अच्छी तरह उबाल आ जाए, तो आंच धीमी कर दें और करीब 5 से 7 मिनट तक पकने दें, जिससे दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए.

ब्रेड के किनारे हटाकर उसके टुकड़ों को मिक्सर में बारीक पीस लें. अब इस पिसी हुई ब्रेड को धीरे-धीरे उबलते दूध में डालें और लगातार चलाते रहें, जिससे मिश्रण में गांठें न बनें. इसके बाद इसमें चीनी और इलायची पाउडर मिलाकर 2 से 3 मिनट तक और पकाएं. जब मिश्रण रबड़ी जैसा गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें.

तैयार मिश्रण को कमरे के तापमान पर पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इसमें कटे हुए बादाम और पिस्ता मिला दें, जिससे कुल्फी का टेस्ट और भी बढ़ जाएगा.

अब इस तैयार मिश्रण को छोटे-छोटे मिट्टी के मटकों या कुल्फी मोल्ड में भर दें. ऊपर से फॉयल पेपर या प्लास्टिक रैप लगाकर अच्छी तरह ढक दें, जिससे कुल्फी में बर्फ की परत न जमे.

मटकों को 7 से 8 घंटे या पूरी रात के लिए डीप फ्रीजर में रख दें. कुल्फी अच्छी तरह जमने के बाद इसे बाहर निकालें. ऊपर से कटे हुए पिस्ता डालकर ठंडी-ठंडी मटका कुल्फी परोसें और घर पर बने इस टेस्ट डेजर्ट का मजा लें.
Published at : 27 Jul 2026 09:27 AM (IST)





