Indore Rangpanchami Ger: इंदौर में गेर में हथियार लेकर पकड़े गए तो लगेगी रासुका
Indore Rangpanchami Ger: प्रत्येक गेर के साथ निगम के अधिकारी प्रभारी के रूप में रहेंगे मौजूद। सबसे पहले राधा-कृष्ण फाग यात्रा निकलेगी।
By Sameer Deshpande
Publish Date: Thu, 21 Mar 2024 08:06 AM (IST)
Up to date Date: Thu, 21 Mar 2024 08:06 AM (IST)

HighLights
- 30 मार्च को शहर के मध्य क्षेत्र में गेर हर वर्ष की तरह निकलेगी।
- यूनेस्को के मापदंडों का कराया जाएगा पालन।
- शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
Indore Rangpanchami Ger: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। 30 मार्च को शहर के मध्य क्षेत्र में गेर हर वर्ष की तरह निकलेगी। इस बार गेर के क्रम में बदलाव किया गया है। इस बार गेर के साथ समन्वय के लिए नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। हथियार लेकर आने वालों पर रासुका की कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
कलेक्टर आशीष सिंह ने गेर आयोजकों से कहा कि वे अपनी-अपनी गेर निर्धारित समय के साथ तय क्रम से ही निकालें। समय एवं अनुशासन का विशेष रूप से पालन करें। वे यह तय करें कि किसी भी तरह की हुडदंग नहीं हो। बैठक में पुलिस आयुक्त राकेश गुप्ता, कलेक्टर आशीष सिंह, एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
सबसे पहले राधा कृष्ण फाग यात्रा
गेर शहर में परंपरागत रूप से निर्धारित मार्गों से निकाली जाएगी। बैठक में सभी आयोजकों की सहमति से गेर के क्रम में संशोधन किया गया है। अब सबसे पहले राधाकृष्ण फाग यात्रा निकलेगी। यह यात्रा सुबह ठीक 10 बजे निकलना प्रारंभ हो जाएगी। इसके बाद क्रमश: टोरी कार्नर, मारल क्लब, रसिया कार्नर, संगम कार्नर और जूनी इंदौर क्षेत्र से माधव फाग यात्रा निकलेगी।
यूनेस्को के मापदंडों का होगा पालन
कलेक्टर आशीष सिंह का कहना है कि गेर को यूनेस्को की धरोहर में शामिल करने के लिए पत्र लिखा गया है। गत वर्ष गरबा को यूनेस्को की सूची में शामिल करने से दो साल अन्य कार्यक्रम शामिल नहीं हो सकते। इसलिए अगले साल यूनेस्को की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इस बार यूनेस्को के मापदंडों का पालन कराया जाएगा। रहवासियों के घरों को चिन्हित कर गेर देखने की व्यवस्था की जाएगी।
एक तरफ लगेंगे मंच
गेर में स्वागत के लिए लगने वाले मंच की व्यवस्था भी तय की गई। कलेक्टर सिंह ने कहा कि व्यवस्था को देखते हुए सभी स्वागत मंच सड़क के एक ही तरफ लगवाए जाएंगे। दूसरी तरफ मंच नहीं होंगे।
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
पुलिस आयुक्त राकेश गुप्ता ने कहा कि गेर के दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहेंगे। सीसीटीवी और वीडियो कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे गेर मार्ग को सेक्टर के रूप में विभाजित कर सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। सेक्टरवार नियंत्रण कक्ष भी बनाया जाएगा। उन्होंने सुरक्षा प्रबंध के लिए पूरे मार्ग पर 2 डीसीपी को नोडल बनाया है।


