
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि स्मार्टफोन इस्तेमाल करते समय अंगूठा लगातार एक ही तरह की हरकत करता रहता है. बार-बार स्क्रॉलिंग, टाइपिंग और बड़े स्क्रीन वाले फोन को एक हाथ से पकड़कर चलाने से अंगूठे के जोड़ और टेंडन पर ज्यादा दबाव पड़ता है. लंबे समय तक ऐसा करने से दर्द, जकड़न और थकान महसूस होने लगती है. कुछ मामलों में ये समस्या टेंडन में सूजन का रूप भी ले सकती है.

अब आपको भी फोन इस्तेमाल करते समय या उसके बाद अंगूठे में दर्द, सूजन, अकड़न या क्लिक जैसी आवाज महसूस हो रही है तो ये Thumb Pain का सिग्नल हो सकता है. इसके अलावा किसी चीज को पकड़ने में कमजोरी महसूस होना या अंगूठे को मोड़ने में तकलीफ होना भी शुरुआती लक्षण हो सकते हैं. ऐसी स्थिति में फोन का इस्तेमाल कुछ समय के लिए कम करना बेहतर होता है.

बता दें कि अगर आप रोज कई घंटे स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं तो कुछ छोटी-छोटी आदतें अपनाकर इस समस्या से बच सकते हैं. हर 20 से 30 मिनट में कुछ मिनट का ब्रेक लेना जरूरी होता है. इसके अलावा दोनों हाथों से फोन पकड़कर इस्तेमाल करें ताकि एक अंगूठे पर ज्यादा दबाव न पड़े. साथ ही जरूरत होने पर वॉइस टाइपिंग या स्टाइलस का इस्तेमाल करें. लंबे समय तक लगातार चैटिंग या गेमिंग करने से बचें. स्क्रीन स्क्रॉल करने के लिए सिर्फ अंगूठे पर निर्भर न रहें.

इसके अलावा अंगूठे और कलाई की हल्की स्ट्रेचिंग करने से मांसपेशियों को आराम मिलता है. अंगूठे को धीरे-धीरे आगे-पीछे और गोल घुमाएं.

हथेली को खोलकर उंगलियों को फैलाएं और कुछ सेकंड तक उसी स्थिति में रखें. दिन में 2 से 3 बार ऐसी एक्सरसाइज करने से दर्द और अकड़न कम करने में मदद मिल सकती है.
Published at : 21 Jul 2026 04:39 AM (IST)





