Bihar Politics: लालू यादव ने की संसदीय बोर्ड की बैठक, सीटों पर हुई चर्चा, पारस-सहनी पर हुआ फैसला!
राबड़ी देवी के आवास पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने आरजेडी की संसदीय बोर्ड की बैठक की। उसमें आरजेडी के सभी बड़े नेता शामिल हुए। बैठक में प्रत्याशियों के चयन को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान सभी ने आम सहमति से आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को अधिकृत कर दिया है।
By Anurag Mishra
Publish Date: Wed, 20 Mar 2024 08:42 PM (IST)
Up to date Date: Wed, 20 Mar 2024 08:42 PM (IST)

डिजिटल डेस्क, इंदौर। राबड़ी देवी के आवास पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने आरजेडी की संसदीय बोर्ड की बैठक की। उसमें आरजेडी के सभी बड़े नेता शामिल हुए। बैठक में प्रत्याशियों के चयन को लेकर चर्चा की गई।
बुधवार को 10 सर्कुलर रोड पर राबड़ी आवास में संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में संसदीय बोर्ड के सभी नेताओं को शामिल होने के लिए बुलाया गया था। आधे घंटे चली बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आरजेडी जिन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, उन सीटों का निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव करेंगे।
बैठक के समाप्त होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अब्दुलबारी सिद्दिकी ने बताया कि प्रत्याशियों का चयन लालू प्रसाद यादव के जरिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बात निर्णय जल्द हो जाएगा कि किसी सीट से किस प्रत्याशियों को उतारा जाएगा।
पारस-सहनी और फातिमा को महागठबंधन में मिलेगी जगह
उन्होंने बताया कि महागठबंधन के दलों से सीटों को लेकर आम सहमति बनने का दौर जारी है। पत्रकारों की तरफ से पशुपति पारस, अली अशरफ व मुकेश सहनी पर एक सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आज की बैठक में इस बारे में किसी भी तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है। हमारी पार्टी से भाजपा को रोकने के लिए कोई समान विचारधारा वाली पार्टी जुड़ना चाहती है, तो उसका स्वागत है।


