सोशल मीडिया पर आए दिन सांपों के रेस्क्यू के हैरान करने वाले वीडियो सामने आते रहते हैं. लेकिन इस वक्त इंटरनेट पर एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपकी रूह कांप जाएगी. एक स्नेक कैचर को कोबरा सांप का रेस्क्यू करना उस समय बेहद भारी पड़ गया, जब उसकी एक छोटी सी लापरवाही जान पर बन आई. घर के आंगन से जहरीले कोबरा को पकड़ते समय स्नेक कैचर अपनी होशियारी दिखा रहा था और एक हाथ से फोन पर बात कर रहा था. इसी दौरान कोबरा ने उसे बेरहमी से काट लिया. वीडियो के अगले हिस्से में वह अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ता दिखाई दे रहा है.
एक हाथ में फोन और दूसरे में काल!
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक घर के खुले आंगन में एक बड़ा और बेहद खतरनाक कोबरा सांप मौजूद है. वहां एक स्नेक कैचर उसे रेस्क्यू करने पहुंचता है. शुरुआत में वह स्नेक स्टिक की मदद से कोबरा को काबू में करने की कोशिश करता है. लेकिन इस दौरान वह एक बड़ी लापरवाही कर बैठता है. वह अपने एक हाथ से फोन पर किसी से लगातार बात कर रहा होता है. सांप को थैले में डालने के लिए जैसे ही वह स्टिक हटाकर नीचे बैठता है और कोबरा का मुंह पकड़ने की कोशिश करता है, पलक झपकते ही कोबरा उस पर अटैक कर देता है और उसके हाथ को अपने जबड़े में दबोच लेता है.
अस्पताल के बेड पर तड़पता दिखा स्नेक कैचर
सांप के काटते ही स्नेक कैचर के होश उड़ जाते हैं. वीडियो के अगले हिस्से में मंजर बेहद डरावना है. जहरीले कोबरा का शिकार बना यह शख्स अस्पताल के आईसीयू बेड पर पड़ा हुआ है और दर्द से बुरी तरह तड़प रहा है. उसके शरीर में सांप का जहर फैलने के लक्षण साफ देखे जा सकते हैं. हालांकि, गनीमत यह रही कि उसे समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया गया. बताया जा रहा है कि डॉक्टर्स की बेहतरीन सूझबूझ और तुरंत दिए गए एंटी-वेनम की वजह से उसकी जान बच गई है और अब वह खतरे से बाहर है तथा धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहा है.
यह भी पढ़ें: VIRAL VIDEO: बारिश से बचने के लिए छत पर चढ़ गया सांड, वीडियो देख घूम जाएगा माथा
कोबरा के काटते ही शरीर में क्या होता है और कितनी देर में जा सकती है जान?
किंग कोबरा या स्पेक्टेकल्ड कोबरा का जहर ‘न्यूरोटॉक्सिक’ होता है, जो सीधे इंसान के नर्वस सिस्टम यानी तंत्रिका तंत्र पर हमला करता है. कोबरा के काटते ही शरीर में तेज दर्द, सूजन, धुंधला दिखना, चक्कर आना और सांस लेने में तकलीफ होने लगती है. जहर तेजी से फेफड़ों और दिल को काम करने से रोक देता है, जिससे इंसान को पैरालिसिस मार जाता है. कोबरा के काटने के बाद इंसान के पास जान बचाने के लिए सिर्फ 30 मिनट से लेकर 2 घंटे तक का ही समय होता है. अगर इस दौरान मरीज को सही एंटी-वेनम इंजेक्शन न मिले, तो दम घुटने या हार्ट फेल होने से उसकी मौत होनी ही होनी है.
सोशल मीडिया पर लोगों का फूटा गुस्सा
इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स स्नेक कैचर की इस लापरवाही पर जमकर गुस्सा निकाल रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, ‘सांप पकड़ना कोई मजाक नहीं है, फोन पर बात करने की क्या जरूरत थी, जान चली जाती तो?’ वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, ‘यह होशियारी नहीं बल्कि बेवकूफी है, डॉक्टर्स का शुक्र मनाओ कि नई जिंदगी मिल गई.’ लोग इस वीडियो को शेयर करते हुए सीख दे रहे हैं कि कभी भी जंगली जानवरों या जहरीले जीवों को पकड़ते समय ध्यान नहीं भटकाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: इंसान है या बाहुबली… 100 किलो से ज्यादा वजन की बाइक कंधे पर उठाकर चल पड़ा युवक, वीडियो वायरल



.jpg)

