पॉपुलर होस्ट और एक्टर मनीष पॉल के सिर से मां का साया उठ गया है. उनकी मां उर्मिल पॉल अब इस दुनिया में नहीं रहीं. 8 जुलाई को उनका निधन हो गया है. वो 77 साल की थीं. मां के जाने से मनीष पॉल को गहरा सदमा लगा है. अब उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी मां को याद करते हुए एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है.
मेरी मां मेरा पहला घर थीं…
मनीष ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर मां उर्मिल के साथ अपनी कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं. इसके साथ उन्होंने दिल को छू लेने वाला इमोशनल नोट लिखा. मनीष ने कैप्शन में लिखा, ‘आज दुनिया थोड़ी शांत लग रही है. आज सुबह मैंने अपनी मां को अलविदा कह दिया, जो मेरा पहला घर थीं, मुझे सबसे ज्यादा सुकून देने वाली थीं और अब तक की मेरी ज़िंदगी की सबसे मजबूत महिला थीं.’
ये भी पढ़ें:-धर्मेंद्र ने अपनी मौत से पहले परिवार को क्या दी थी आखिरी सलाह? हेमा मालिनी ने किया खुलासा, सनी- बॉबी को लेकर कह दी ऐसी बात
मैं आपसे हमेशा प्यार करता रहूंगा…
उन्होंने आगे लिखा, ‘मेरे लिए आपकी क्या अहमियत थी या आपके जाने से जो खालीपन आया है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. लेकिन मैं अपने साथ आपका प्यार, आपकी हिम्मत, आपकी नेकी और आपके सिखाए हर सबक को लेकर आगे बढ़ूंगा. ये सब जिंदगी भर मेरे साथ रहेंगे. उम्मीद है कि अब आपको सुकून मिल गया होगा. मुझे उस तरह प्यार करने के लिए शुक्रिया, जैसा सिर्फ एक मां ही कर सकती है. फिर मिलेंगे मां. हमेशा-हमेशा आपसे प्यार करता रहूंगा.’
इन सेलेब्स ने भी जताया शोक
मनीष की इस पोस्ट पर फैंस के साथ-साथ कई सेलेब्स भी कमेंट कर उन्हें हिम्मत दे रहे हैं. आयुष्मान खुराना ने लिखा, ‘भाई, तुम्हारे इस दुख में मैं तुम्हारे साथ हूं. मां हमेशा तुम्हारे साथ फरिश्ते की तरह रहेंगी.’ वरुण धवन, मलाइका अरोड़ा, ईशा गुप्ता और रोहित सराफ ने इस पोस्ट पर रेड हार्ट इमोजी शेयर किया है.
श्वेता तिवारी भी हुईं इमोशनल
श्वेता तिवारी ने लिखा, ‘हे भगवान, मनीष… तुम्हें और तुम्हारे पूरे परिवार को मेरी गहरी संवेदनाएं. मां के जाने का दुख कभी पूरा नहीं हो सकता. भगवान तुम्हें और तुम्हारे परिवार को इस मुश्किल समय में हिम्मत दे. मेरी दुआएं हमेशा तुम्हारे साथ हैं.’ मनीष की इस पोस्ट पर मौनी रॉय, कीकू शारदा और आरती सिंह जैसे सेलेब्स ने भी कमेंट किया है.
ये भी पढ़ें:-अतीत की दर्दनाक कहानियां सुनाना बंद न करें’, Satluj को बैन करने पर गुल पनाग का फूटा गुस्सा, अनुराग कश्यप बोले- ‘पायरेटेड वर्जन ही देखो’





