बारिश में छिपा गड्ढा बना आफत, बाइक समेत सड़क पर गिरे पति-पत्नी, CCTV VIDEO वायरल

बारिश में छिपा गड्ढा बना आफत, बाइक समेत सड़क पर गिरे पति-पत्नी, CCTV VIDEO वायरल


बारिश के मौसम में सड़क पर जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है. गुजरात के जूनागढ़ से सामने आए एक CCTV वीडियो ने यही सबक दिया है. सड़क पर भरे बारिश के पानी के नीचे छिपा गड्ढा बाइक सवार दंपति को दिखाई नहीं दिया और अगले ही पल दोनों जोरदार तरीके से सड़क पर जा गिरे. इस पूरे हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग एक तरफ हेलमेट न पहनने पर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी तरफ सड़क की खराब हालत को लेकर भी नाराजगी जता रहे हैं.

पानी में छिपा गड्ढा बना हादसे की वजह

वायरल CCTV वीडियो में देखा जा सकता है कि गुजरात के जूनागढ़ में एक दंपति बिना हेलमेट पहने बाइक से जा रहा था. सड़क पर बारिश का पानी भरा हुआ था. जैसे ही बाइक पानी से भरे हिस्से में पहुंची, उसका अगला पहिया गड्ढे में फंस गया. जोरदार झटका लगते ही दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े. हादसा इतना अचानक हुआ कि दोनों को संभलने का मौका ही नहीं मिला.

महिला तुरंत उठी, युवक सिर पकड़कर बैठ गया

वीडियो में दिखाई देता है कि गिरने के बाद महिला तुरंत उठकर खड़ी हो जाती है. वहीं युवक कुछ देर तक सड़क पर ही पड़ा रहता है और दर्द से अपना सिर पकड़ लेता है. माना जा रहा है कि उसके सिर में चोट लगी. हालांकि कुछ देर बाद वह भी उठने की कोशिश करता है. इस हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में सतर्कता बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है.

हेलमेट और सड़क दोनों पर उठे सवाल

यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया गया, जिसके साथ लोगों से बारिश के दौरान हेलमेट पहनने और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की गई. लोगों का कहना है कि बारिश में गड्ढे पानी के नीचे छिप जाते हैं और ऐसे में हादसे का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. वहीं कई लोगों ने खराब सड़क और समय पर मरम्मत नहीं होने को भी इस दुर्घटना की बड़ी वजह बताया.

यह भी पढ़ें: Viral Video: HR की एक कॉल और चली गई साढ़े 5 साल की नौकरी, Wipro एम्पलॉयी बोली- शायद यह भगवान का इशारा

सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं. एक यूजर ने लिखा, “हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, जिंदगी बचाने के लिए पहनना चाहिए.” दूसरे ने कहा, “बारिश में सड़क पर भरे पानी के नीचे क्या छिपा है, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है.” एक और यूजर ने लिखा, “गलती सिर्फ बाइक सवारों की नहीं, खराब सड़कें भी ऐसे हादसों की बड़ी वजह हैं.” 

यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में AC की ठंडी हवा खाने के लिए ATM में घुसे दो मेहनतकश मजदूर, वीडियो वायरल