Fake Milk Viral Video: सोशल मीडिया पर अक्सर फूड सेफ्टी और मिलावट से जुड़े कई तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं. इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर लोग परेशान हो रहे हैं और फूड सेफ्टी को लेकर सवाल उठा रहे हैं. वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पानी में किसी फिनायल जैसे दिखने वाले केमिकल को मिलाकर नकली दूध तैयार किया जा रहा है.
वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने खाने-पीने की चीजों में मिलावट को लेकर चिंता जताई है और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की है. सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह के दावे और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
आधी बाल्टी पानी में डाला फिनायल जैसा केमिकल
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति के हाथ में एक बोतल दिखाई देती है, जिसमें फिनायल जैसा दिखने वाला सफेद रंग का लिक्विड भरा होता है. वह इस लिक्विड को आधे पानी से भरी एक बाल्टी में डालता है. इसके बाद कुछ ही देर में पानी का रंग दूध जैसा सफेद दिखाई देने लगता है. वीडियो में वह व्यक्ति खुद रिकॉर्डिंग करते हुए कहता है कि देख लीजिए, हमारे यहां ऐसे दूध बनता है. इसके बाद वह दूसरे व्यक्ति से कहता है कि अब और केमिकल मत डालो, ज्यादा हो जाएगा. फिर वह दावा करता है कि यही दूध मशीन में डाला जाता है और लोग इसी तरह का दूध पीते हैं. आगे वह यह भी कहता है कि अगर किसी को एक-दो लीटर दूध चाहिए तो वह उनसे संपर्क कर सकता है. वीडियो में यह भी कहा जाता है कि लगभग 20 लीटर दूध तैयार हो गया है, जिसे मशीन में डालकर बेचा जाएगा. इसके बाद वीडियो खत्म हो जाता है.
शुद्ध देशी दूध… 🤮
और @fssaiindia
नींद तो अच्छी आती होगी ना..??pic.twitter.com/PME0SAFzDr— Arohi Shukla (@arohishukl50402) June 30, 2026
सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल
वीडियो देखने के बाद कई लोगों ने मिलावटी फूड प्रोडक्ट्स को लेकर चिंता जताई. एक यूजर ने लिखा कि बाजार में ऐसी हजारों मिलावटी चीजें बिक रही हैं, लेकिन किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता. एक अन्य यूजर ने कहा कि अगर वीडियो सही है तो संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए. कुछ लोगों ने सरकार और FSSAI को टैग करते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग भी की. कई यूजर्स का कहना था कि सिर्फ वीडियो शेयर करने के जगह इसकी लोकेशन और पूरी जानकारी भी सामने आनी चाहिए, जिससे संबंधित एजेंसियां जांच कर सकें.
यह भी पढ़ें – चलती ट्रेन में युवती को देख करने लगा अश्लील इशारे, वायरल वीडियो देख गुस्से में यूजर्स
कई यूजर्स ने दावे पर भी उठाए सवाल
जहां एक ओर कई लोगों ने वीडियो पर चिंता जताई, वहीं दूसरी ओर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस दावे पर सवाल भी उठाए. कुछ लोगों ने कमेंट किया कि वीडियो में दिखाई दे रहा लिक्विड दूध बनाने वाला केमिकल नहीं, बल्कि मशीनों में इस्तेमाल होने वाला कटिंग ऑयल या कूलेंट हो सकता है, जो पानी में मिलते ही दूध जैसा सफेद दिखाई देता है. कुछ अन्य यूजर्स ने भी लिखा कि यह सिर्फ पानी का रंग बदलने वाला मिश्रण हो सकता है और इससे दूध या दूध से बने उत्पाद तैयार नहीं किए जा सकते हैं. वहीं कुछ यूजर्स ने अपील की कि अगर वीडियो असली है तो संबंधित अधिकारियों को पूरी जानकारी के साथ शिकायत दी जानी चाहिए.
यह भी पढ़ें – Viral Video: बच्चे ने ऑर्डर कर दी 65 इंच वाली टीवी, डिलीवरी वाले के सामने ही मां ने कर दी धुनाई, देखें वीडियो





