Lok Sabha Chunav 2024 : मंडला संसदीय क्षेत्र में डिंडौरी के 67677 युवा पहली बार चुनेंगे सरकार
Lok Sabha Chunav 2024 : क्षेत्र में 1441 ऐसे मतदाता हैं जो सेना में पदस्थ है। मतदान के लिए भी इनके लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है।
By Dheeraj kumar Bajpai
Publish Date: Tue, 19 Mar 2024 09:43 AM (IST)
Up to date Date: Tue, 19 Mar 2024 09:43 AM (IST)
HighLights
- 8617 मतदाता 85 वर्ष से अधिक उम्र के चिन्हित।
- 26859 दिव्यांग मतदाताओं के लिए की विशेष व्यवस्था।
- लखनादौन में सबसे अधिक 10541 युवा वोटर हैं।
Lok Sabha Chunav 2024 : आशीष शुक्ला, नई दुनिया, डिंडौरी। मंडला संसदीय क्षेत्र में इस बार 67677 युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर सरकार चुनने में सहभागी बनेंगे। 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवक युवतियों का नाम जोड़ने को लेकर संसदीय क्षेत्र में विशेष पहल की गई है। पहली बार मतदान को लेकर युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। संसदीय क्षेत्र में 85 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 8617 मतदाता चिन्हित किए गए हैं। इसी तरह 26859 दिव्यांग मतदाताओं को मतदान करने के लिए विशेष व्यवस्था करने की तैयारी हैं। क्षेत्र में 1441 ऐसे मतदाता हैं जो सेना में पदस्थ है। मतदान के लिए भी इनके लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है।
लखनादौन में सबसे अधिक 10541 युवा वोटर
संसदीय क्षेत्र में शामिल विधानसभा लखनादौन में सबसे अधिक 10541 युवा वोटर हैं, जो अपने मताधिकार का प्रयोग पहली बार करेंगे। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या के मामले में शहपुरा विधानसभा सबसे आगे हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं में गोटेगांव विधानसभा अव्वल है। गोटेगांव विधानसभा में 85 वर्ष से अधिक के 1935 मतदाता हैं।
उम्र अधिक वाले 20 लाख 97 हजार 51 मतदाता
उम्र अधिक होने के बाद भी इन लोगों में मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंडला संसदीय क्षेत्र में कुल 20 लाख 97 हजार 51 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग इस चुनाव में करेंगे।
संसदीय क्षेत्र में थर्ड जेंडर के 25 मतदाता
संसदीय क्षेत्र में थर्ड जेंडर के कुल 25 मतदाता हैं, जो लोकतंत्र के महापर्व में सहभागी बनेंगे। सबसे अधिक डिंडौरी विधानसभा में थर्ड जेंडर के दस मतदाता दर्ज हैं। बताया गया कि पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में जहां लखनादौन विधानसभा आगे है वहीं सबसे कम संख्या गोटेगांव में 5240 है।
विधानसभावार मतदाताओं की संख्या
शहपुरा विधानसभा में 8261, डिंडौरी विधानसभा में 7208, बिछिया में 8968, निवास में 9165,मंडला विधानसभा में 8992, केवलारी में 9311 युवा पहली बार वोट डालेंगे। 85 वर्ष से अधिक उम्र के सबसे अधिक मतदाता यूं तो गोटेगांव विधानसभा में हैं, लेकिन अन्य विधानसभा में भी इनकी पर्याप्त संख्या है। शहपुरा में 1246, डिंडौरी में 734, बिछिया में 969, निवास में 966, मंडला में 817, केवलारी में 1194 और लखनादौन में इनकी संख्या 946 है।
मतदाताओं की इस तरह संसदीय क्षेत्र में संख्या
पहली बाद मतदान करने वाले युवा – 67677
85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता – 8617
दिव्यांग मतदाताओं की संख्या – 26859
सेना के जवान वोटर – 1441


