यूक्रेन ने तीन रूसी तेल डिपो पर किए हमले, जेलेंस्की ने शेयर किया वीडियो


रूस और यूक्रेन के बीच पिछले चार साल से ज्यादा समय से संघर्ष और युद्ध लगातार जारी है. यूक्रेन ने बुधवार (24 जून, 2026) को एक बार फिर से रूस के एनर्जी सेक्टर को नुकसान पहुंचाने के लिए बड़े हमले को अंजाम दिया है. यूक्रेन ने एक दिन में रूस के तीन अलग-अलग तेल डिपो- उफा, क्रीमिया की राजधानी सिमफेरोपोल और क्रसनोदर पर बड़ा हमला किया है.

वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने क्रसनोदर क्षेत्र में स्थित पोल्तावस्का ऑयल डिपो में किए गए हमले का वीडियो गुरुवार (25 जून, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल से शेयर किया है. वीडियो में रूसी ऑयल डिपो से हमले के बाद उठ रही आग की लपटें और काले धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहे हैं.

यूक्रेनी हमले को लेकर क्या बोले राष्ट्रपति जेलेंस्की?

इसके साथ ही, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने X हैंडल पर शेयर किए गए वीडियो पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘रूस की तरफ से युद्ध को लंबा खींचने और यूक्रेन के शहरों और समुदायों पर हमले को जारी रखने के खिलाफ हमारे लॉन्ग-रेंज ऑपरेशन्स लगातार जारी हैं और यह रूसी हमलों का सटीक जवाब हैं.’ 

24 घंटे के भीतर तीन रूस तेल डिपो पर यूक्रेनी हमले

जेलेंस्की ने कहा, ‘कल बुधवार (24 जून, 2026) की रात हमारे रक्षा बलों की इकाइयों ने क्रसनोदर क्षेत्र में स्थित पोल्तावस्का ऑयल डिपो पर हमला किया है. यह लक्ष्य फ्रंट लाइन से करीब 300 किलोमीटर दूर था. वहीं, आज गुरुवार (25 जून, 2026) की सुबह यूक्रेन की सिक्योरिटी सर्विस ने उफा में स्थित दो ऑयल रिफाइनरियों – बाशनेफ्ट-उफानेफ्तेखिम और बाशनेफ्ट-नोवोइल, को निशाना बनाया. रूस के उफा में स्थित इन दोनों निशानों की दूरी यूक्रेन बॉर्डर से करीब डेढ़ हजार (1,500) किलोमीटर है.’ 

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने रूस पर किया कटाक्ष

उन्होंने आगे कहा, ‘हम अपनी लॉन्ग-रेंज सैक्शन प्लान को लागू कर रहे हैं. मैं उन सभी यूक्रेनी बहादूरों को धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने इन हमलों में यूक्रेन की सटीकता को सुनिश्चित किया है. रूसियों को एक बार फिर से दूसरों को धोखा देने या समय हासिल करने की कोशिश करने के बजाए असली कूटनीति के बारे में सोचना चाहिए. इस युद्ध का अंत होना ही चाहिए.’ 

यह भी पढ़ेंः पीएम मोदी 27 जून को पहुंचेंगे सेशेल्स, हिंद महासागर में बड़ा खेल, अब चीन का प्लान होगा फेल!