सुधर रहे हैं होर्मुज स्ट्रेट के हालात! अमेरिकी सेना की निगरानी में 55 मर्चेंट शिप्स ने पार किया


अमेरिका और ईरान के संघर्ष के कारण लंबे समय से बंद रहे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अब सुचारू रूप से खुल जाने के बाद कमर्शियल जहाजें स्वतंत्र नौवहन की सुविधा का लाभ उठा रहे हैं. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर शनिवार (20 जून, 2026) को गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों की आवाजाही में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई. वहीं, अमेरिकी सुरक्षा बलों ने नौवहन की आजादी को सुनिश्चित करने के लिए अपनी गतिविधियों को भी जारी रखा हुआ है.

सेंटकॉम ने होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति की दी जानकारी

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने शनिवार (20 जून, 2026) को इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आर्टिकल जारी किया है, जिसमें बताया गया कि आज 20 जून को इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग से कमर्शियल जहाजों की सुरक्षित आवाजाही जारी रही. कुल 55 मर्चेंट शिप यहां से गुजरे, जिनके जरिए भारी मात्रा में कार्गो और 1.7 करोड़ (17 मिलियन) बैरल से ज्यादा कच्चा तेल दुनियाभर के तेल बाजारों तक पहुंचाया गया. 

नियमों का पालन हो सुनिश्चित, इसलिए अमेरिकी बल तैनात- सेंटकॉम

सेंटकॉम ने कहा, ‘जॉइंट मैरिटाइम इन्फॉरमेशन सेंटर (JMIC) ने इस हफ्ते एक सलाह जारी करते हुए निर्धारित रास्तों पर सभी जहाजों के लिए सुरक्षित आवाजाही की पुष्टि की है. सेंटर ने कहा कि इस रास्ते पर किसी भी तरह के मनमाने दावे या परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है और आवाजाही सुरक्षित और सुचारू है.’

सेंटकॉम ने कहा, ‘अमेरिकी फोर्सेज इलाके पर मौजूद हैं और सतर्कता बनाए हुए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ईरान के साथ हुए समझौते के सभी प्रावधानों का पालन किया जाए और वे प्रभावी रूप से लागू रहें.’ 

JMIC ने होर्मुज स्ट्रेट पर क्या बताया?

JMIC ने एक बयान जारी कर कहा कि अमेरिका और ईरान की तरफ से इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को खोलने के इरादे की घोषणा के बाद होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री सुरक्षा खतरे का स्तर घटाकर मॉडरेट यानी मध्यम कर दिया गया है. हालांकि, नाविकों और जहाज संचालकों को माइंस की मौजूदगी को लेकर सतर्क रहने और यह ध्यान रखने की सलाह दी जाती है कि सफाई अभियान जारी रहने के दौरान इलाके में नौसैनिक बलों की उपस्थिति बनी रहेगी. 

यह भी पढे़ंः ट्रंप ने इटली की PM को लेकर किया चौंकाने वाला दावा, बोले – ‘लोकप्रियता में हो गई कमी, इसलिए मेलोनी…’