AC Outdoor Unit Cleaning Tips : आजकल चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से राहत दिलाने में एसी सबसे जरूरी माना जाता है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि पहले की तरह एसी ठंडी हवा नहीं देता और कमरे को ठंडा करने में ज्यादा समय लेने लगता है. ज्यादातर लोग सोचते हैं कि शायद गैस खत्म हो गई है या एसी में कोई खराबी आ गई है. हालांकि हर बार ऐसा नहीं होता है. कई मामलों में एसी की कूलिंग कम होने की वजह सिर्फ इसकी आउटडोर यूनिट पर जमी धूल और गंदगी होती है. अक्सर आपने लोगों को गर्मियों में स्प्लिट एसी की आउटडोर यूनिट पर पानी डालकर उसे साफ करते देखा होगा. सोशल मीडिया पर भी इससे जुड़े कई वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिनमें दावा किया जाता है कि आउटडोर यूनिट धोने से एसी की कूलिंग बढ़ जाती है. ऐसे में आइए आज हम आपको बताते हैं कि एसी की आउटडोर यूनिट को पानी से धोना चाहिए या नहीं?
क्यों कम हो जाती है एसी की कूलिंग?
स्प्लिट एसी की आउटडोर यूनिट घर के बाहर खुली जगह पर लगी होती है. यह धूप, धूल, मिट्टी, बारिश और प्रदूषण के सीधे संपर्क में रहती है. समय के साथ इसकी कंडेनसर कॉइल्स पर धूल की मोटी परत जम जाती है. जब कॉइल्स गंदी हो जाती हैं तो वे कमरे की गर्मी को ठीक तरीके से बाहर नहीं फेंक पातीं, इसका सीधा असर एसी की कूलिंग पर पड़ता है और कमरा ठंडा होने में ज्यादा समय लगने लगता है.
एसी की आउटडोर यूनिट को पानी से धोना चाहिए या नहीं?
अगर सही तरीके से किया जाए तो आउटडोर यूनिट को पानी से साफ करना सुरक्षित माना जाता है. इससे कॉइल्स पर जमी धूल हट जाती है और गर्मी बाहर निकलने की प्रक्रिया बेहतर हो जाती है. हालांकि यह काम सावधानी के साथ करना बेहद जरूरी है. गलत तरीके से पानी डालने पर नुकसान भी हो सकता है.
पानी से एसी की आउटडोर यूनिट धोने के क्या फायदे होते हैं?
1. कूलिंग बेहतर हो जाती है: साफ कॉइल्स गर्मी को तेजी से बाहर निकालती हैं, जिससे एसी पहले के मुकाबले बेहतर कूलिंग देने लगता है और कमरा जल्दी ठंडा होता है.
2. बिजली की खपत कम हो सकती है: जब कॉइल्स साफ होती हैं तो कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता, ऐसे में एसी को कम मेहनत करनी पड़ती है और बिजली की खपत भी कम हो सकती है.
3. कंप्रेसर की उम्र बढ़ती है: लगातार ज्यादा दबाव में काम करने से कंप्रेसर जल्दी खराब हो सकता है, लेकिन समय-समय पर सफाई करने से यह लंबे समय तक सही तरीके से काम करता है.
4. ओवरहीटिंग का खतरा घटता है: गर्मी के मौसम में ओवरहीटिंग की समस्या बढ़ जाती है. साफ आउटडोर यूनिट गर्मी को बेहतर तरीके से बाहर निकालती है, जिससे मशीन पर दबाव कम होता है.
क्या पानी डालने से शॉर्ट सर्किट हो सकता है?
यह डर लगभग हर किसी के मन में होता है कि आउटडोर यूनिट में बिजली के तार और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स लगे होते हैं, इसलिए पानी डालने से करंट लग सकता है या शॉर्ट सर्किट हो सकता है, लेकिन एसी बनाने वाली कंपनियां इस बात को ध्यान में रखती हैं कि आउटडोर यूनिट खुले वातावरण में लगाई जाएगी, जहां उसे बारिश, धूल और तेज हवाओं का सामना करना पड़ेगा. इसी वजह से इसके इलेक्ट्रिकल पार्ट्स और वायरिंग को सील बंद और सुरक्षित बॉक्स में रखा जाता है. इसलिए हल्के पानी से सफाई करना आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है, लेकिन सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.
यह भी पढ़ें – Split Vs Window Vs Portable AC : पोर्टेबल एसी, स्प्लिट या विंडो… कौन सा AC खाता है सबसे ज्यादा बिजली, समझें 1 घंटे का हिसाब-किताब?
आउटडोर यूनिट को साफ करने का सही तरीका
- अगर आप खुद आउटडोर यूनिट की सफाई करना चाहते हैं, तो सफाई शुरू करने से पहले एसी की मेन पावर सप्लाई बंद कर दें. इससे किसी भी तरह की दुर्घटना का खतरा नहीं रहेगा.
- नॉर्मल पानी की धार से यूनिट को साफ करें जिससे कॉइल्स पर जमी धूल निकल जाए.
- कई लोग तेज प्रेशर वाले पाइप से सफाई करने लगते हैं, लेकिन ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है. इससे कॉपर की पतली फिन्स मुड़ सकती हैं और एयर फ्लो प्रभावित हो सकता है. हालांकि यह सुरक्षित होता है, फिर भी अतिरिक्त सावधानी करते हुए इलेक्ट्रिकल हिस्से पर सीधे पानी डालने से बचना चाहिए.
- अगर यूनिट बहुत ज्यादा गंदी है या आपको सफाई का तरीका समझ नहीं आ रहा है, तो किसी तकनीशियन से सर्विस करवाना बेहतर रहेगा.
कितने समय में करनी चाहिए सफाई?
अगर आपका एसी धूल वाली जगह पर लगा है, तो गर्मियों के दौरान हर 2 से 3 महीने में आउटडोर यूनिट की जांच और सफाई कर लेनी चाहिए. वहीं सामान्य परिस्थितियों में साल में कम से कम एक या दो बार सर्विस जरूर करवानी चाहिए.
यह भी पढ़ें – MacBook Neo पर बंपर डिस्काउंट, अब तक का सबसे बड़ा प्राइस ड्रॉप



.jpg)

