मात्र 36000 रुपये में नोएडा की लग्जरी लाइफ जी रहा 22 साल का प्रियांशु, जानिए कैसे करता है बचत

मात्र 36000 रुपये में नोएडा की लग्जरी लाइफ जी रहा 22 साल का प्रियांशु, जानिए कैसे करता है बचत


आज के दौर में जब बड़े शहरों में रहने वाले युवाओं की सबसे बड़ी शिकायत यह होती है कि “महीने के आखिर में जेब खाली हो जाती है”, वहीं नोएडा के एक 22 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपने शानदार मनी मैनेजमेंट से सबको हैरान कर दिया है. प्रियांशू नाम के इस युवा इंजीनियर ने सोशल मीडिया पर अपने मासिक खर्चों और बचत का एक ऐसा विस्तृत ब्रेकडाउन शेयर किया है, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.

प्रियांशु अकेले रहते हुए भी न सिर्फ अपने खर्चों को बेहतरीन तरीके से संभाल रहे हैं, बल्कि हर महीने एक अच्छी-खासी रकम निवेश भी कर रहे हैं. उनके इस बजट प्लान को देखकर लोग उनकी वित्तीय समझदारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

जानिए कहां और कितना खर्च करते हैं प्रियांशु?

प्रियांशु ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बताया कि नोएडा जैसे शहर में अकेले रहते हुए उनका कुल मासिक खर्च लगभग ₹36,000 आता है। इसके बावजूद, वह हर महीने ₹20,000 की बचत और निवेश करने में सफल रहते हैं. उनके बजट की मुख्य बातें इस तरह से है.

किराया और बिजली: प्रियांशु के बजट का सबसे बड़ा हिस्सा उनके रहने पर खर्च होता है. वह अपने फ्लैटमेट्स के साथ एक 3-BHK अपार्टमेंट शेयर करते हैं, जिसमें उनके हिस्से का किराया ₹15,000 प्रति महीना आता है. वहीं, बिजली का बिल उनके एसी के इस्तेमाल पर निर्भर करता है, जो आमतौर पर ₹500 से ₹1,000 के बीच रहता है.

खाने-पीने का खर्च: खाने के मामले में प्रियांशू काफी पैसे बचा लेते हैं, क्योंकि उनकी कंपनी दफ्तर में ही मुफ्त ब्रेकफास्ट, लंच और स्नैक्स देती है. हालांकि, वह रात का खाना बाहर से ऑर्डर करना पसंद करते हैं. ऑनलाइन फूड ऑर्डर और ग्रोसरी मिलाकर उनका खर्च करीब ₹8,000 महीना आता है.

फिटनेस और सप्लीमेंट्स: 22 साल के प्रियांशु अपनी सेहत को लेकर काफी गंभीर हैं. वह प्रोटीन पाउडर, ओट्स और अन्य हेल्थ सप्लीमेंट्स पर हर महीने ₹5,000 खर्च करते हैं. दिलचस्प बात यह है कि उनकी सोसाइटी के जिम की फीस बेहद कम, यानी महज ₹500 प्रति महीना है.

यह भी पढ़ें: घर में दम घुटता है साहब! मुंबई में बोरी बिछाकर खुले मैदान में सोने को मजबूर हुए मजदूर, वायरल वीडियो ने झकझोरा

आउटिंग और ट्रांसपोर्ट: खुद को फिट रखने और काम के व्यस्त शेड्यूल के बीच वह दोस्तों के साथ एन्जॉय करना नहीं भूलते. सोशल लाइफ और आउटिंग के लिए उन्होंने ₹5,000 का बजट रखा है. वहीं अपनी मोटरसाइकिल के पेट्रोल के लिए वह हर महीने करीब ₹2,000 खर्च करते हैं.

मनोरंजन (Entertainment): आज के समय में जहां लोग नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम जैसी कई सब्सक्रिप्शन सेवाओं पर हजारों खर्च कर देते हैं, वहीं प्रियांशू का एंटरटेनमेंट खर्च लगभग शून्य है। उनके पास सिर्फ एक यूट्यूब प्रीमियम (YouTube Premium) का सब्सक्रिप्शन है, जिसके लिए वह ₹90 महीना देते हैं.

सोशल मीडिया पर आई प्रतिक्रियाओं की बाढ़

प्रियांशू का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया और इसे अब तक हजारों व्यूज मिल चुके हैं. कमेंट सेक्शन में लोग अपने-अपने खर्चों की तुलना प्रियांशु के बजट से कर रहे हैं.

एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “मैं खुद 22 साल का हूं और अपने परिवार के साथ रहता हूं, फिर भी यह सोचकर हैरान हूं कि मेरा खर्च आपसे ज्यादा कैसे हो जाता है.” वहीं, एक अन्य यूजर ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा, “भाई, बहुत शानदार बचत कर रहे हो.” एक तीसरे यूजर ने लिखा , “इतनी कम उम्र में पैसे को इतने अच्छे तरीके से मैनेज करना वाकई काबिलेतारीफ है.”

यह भी पढ़ें: Seema Haider Viral Video: सीमा हैदर के बर्थडे पर सचिन ने गिफ्ट कर दी कार, आंखों पर पट्टी बांधकर दिया सरप्राइज; देखें वीडियो