विदेश में पढ़ाई करना आज के युवाओं के लिए एक बड़ा सपना बन चुका है, खासकर मेडिकल जैसे प्रतिष्ठित कोर्स में डिग्री हासिल करना तो मानो स्टेटस सिंबल माना जाता है. लेकिन जब इस सपने की कीमत करोड़ों में पहुंच जाए, तो सोशल मीडिया पर बहस छिड़ना तय है. इन दिनों एक भारतीय लड़की का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह यूके से अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई का पूरा खर्च विस्तार से बताती नजर आती है. लड़की का दावा है कि पांच साल में उसकी पढ़ाई पर करीब 4 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हो गए. बस फिर क्या था, वीडियो सामने आते ही यूजर्स ने उसे घेर लिया और सवालों की झड़ी लगा दी. कुछ लोगों ने इसे ‘रियलिटी चेक’ बताया तो कुछ ने इसे ‘पैसे की बर्बादी’ कहकर ट्रोल करना शुरू कर दिया.
कितना आया खर्च, लड़की ने बताया पूरा हिसाब
वायरल वीडियो में लड़की बेहद विस्तार से अपनी पढ़ाई का खर्च समझाती है. उसके मुताबिक, यूके में एमबीबीएस की ट्यूशन फीस ही सबसे बड़ा हिस्सा रही, जो साल दर साल बढ़ती गई. इसके अलावा उसने रोजमर्रा के खर्च जैसे खाना, रहना और लोकल ट्रांसपोर्ट भी जोड़ा. इतना ही नहीं, उसने बताया कि वह साल में कम से कम तीन बार भारत आती-जाती थी क्योंकि वह अपने परिवार के काफी करीब है और इन फ्लाइट्स का खर्च भी कुल बजट में जुड़ता गया. इन सभी खर्चों को मिलाकर उसने कुल लागत 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई.
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस शुरू हो गई. कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या इतनी महंगी पढ़ाई वाकई में वाजिब है. कुछ लोगों का कहना था कि भारत में भी मेडिकल की पढ़ाई बेहद कम खर्च में हो सकती है, खासकर सरकारी संस्थानों में. वहीं कुछ यूजर्स ने इसे ‘लाइफस्टाइल चॉइस’ बताते हुए कहा कि विदेश में पढ़ाई सिर्फ डिग्री नहीं बल्कि एक्सपीरियंस भी देती है, जिसकी कीमत लगाना आसान नहीं है.
यह भी पढ़ें: Seema Haider Viral Video: सीमा हैदर के बर्थडे पर सचिन ने गिफ्ट कर दी कार, आंखों पर पट्टी बांधकर दिया सरप्राइज; देखें वीडियो
यूजर्स के रिएक्शन
वीडियो पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “इतने पैसों में तो यहां अस्पताल खुल जाता.” वहीं दूसरे ने लिखा, “कमाई कितनी है ये भी बता दो.” कुछ लोगों ने कहा कि अगर मेहनत करके भारत में सीट मिल जाती तो इतना खर्च नहीं करना पड़ता. वहीं कुछ यूजर्स ने लड़की का समर्थन भी किया और कहा कि हर व्यक्ति अपनी परिस्थितियों और पसंद के हिसाब से फैसले लेता है. कुल मिलाकर यह वीडियो अब सिर्फ एक खर्च का हिसाब नहीं बल्कि ‘शिक्षा बनाम खर्च’ की बड़ी बहस बन चुका है.
यह भी पढ़ें: घर में दम घुटता है साहब! मुंबई में बोरी बिछाकर खुले मैदान में सोने को मजबूर हुए मजदूर, वायरल वीडियो ने झकझोरा



.jpg)

