मुल्लांपुर में खेले जा रहे भारत बनाम अफगानिस्तान टेस्ट का आज दूसरा दिन है. शुभमन गिल (103) और ऋषभ पंत (50) ने आज भारतीय पारी को आगे बढ़ाया. गिल 126 और पंत 81 रन बनाकर आउट हुए. वाशिगटन सुंदर के अर्धशतक की मदद से टीम इंडिया का स्कोर 550 के पार पहुंचा. मोहम्मद सलीम ने इतिहास रचा, वह भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में फाइव विकेट हॉल लेने वाले पहले अफगानिस्तानी गेंदबाज बन गए हैं. अफगानिस्तान की पहली पारी जारी है.
पहले दिन क्या कुछ हुआ
शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. पिच सपाट है, बल्लेबाजी के अनुकूल है जिसका भारतीय बल्लेबाजों ने फायदा उठाया. हालांकि यशस्वी जायसवाल सिर्फ 24 रन बना पाए. इसके बाद केएल राहुल और साईं सुदर्शन के बीच 139 रनों की साझेदारी हुई, वैसे राहुल जल्दी आउट हो जाते अगर अफगानिस्तान के कप्तान अंपायर द्वारा दिए गए नॉट आउट पर DRS ले लेते. गेंद बल्ले से लगकर विकेटकीपर के हाथों में गई थी, लेकिन अंपायर ने नॉट आउट दिया था. इसके बाद राहुल ने शतक जड़ दिया.
साईं सुदर्शन अपने शतक से चूक गए, वह 81 के स्कोर पर मोहम्मद सलीम की गेंद पर कैच आउट हुए. इसके बाद केएल राहुल ने अपना शतक पूरा किया, वह 100 बनाने के बाद आउट हो गए. इसके बाद आए ऋषभ पंत ने तेज तर्रार अंदाज में पारी को आगे बढ़ाया. इस बीच शुभमन गिल ने अपना 10वां टेस्ट शतक पूरा किया, बतौर कप्तान ये उनका छठा शतक है.
दिन का खेल खत्म होने से पहले ऋषभ पंत ने अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की. अपनी पारी में वह अभी तक 3 छक्के जड़ चुके हैं. वह 50 रन और शुभमन गिल 103 रन बनाकर नाबाद हैं. दोनों आज दूसरे दिन का खेल आगे बढ़ाएंगे.
भारतीय प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.
अफगानिस्तान की प्लेइंग 11
सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर रहमान, मोहम्मद सलीम.





