पहले क्वालिफायर में आरसीबी के सामने जीटी की मुश्किल चुनौती, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड?


आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना गुजरात टाइटंस (जीटी) के साथ होगा. इस मुकाबले की मेजबानी धर्मशाला का हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम करेगा. आरसीबी और जीटी के बीच अब तक इस लीग में कांटे की टक्कर देखने को मिली है.

आईपीएल में आरसीबी और जीटी की अब तक कुल 8 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से 4 मुकाबले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीते हैं. वहीं, चार मुकाबलों में गुजरात टाइटंस ने जीत दर्ज की है. आईपीएल 2026 में हुई पहली भिड़ंत में आरसीबी जीटी पर हावी रही थी और टीम ने 5 विकेट से जीत हासिल की थी. हालांकि, सीजन की दूसरी भिड़ंत में गुजरात टाइटंस ने पहली हार का हिसाब चुकता करते हुए आरसीबी को 4 विकेट से हराया था.

RCB vs GT Qualifier 1: गुजरात के खिलाफ पहले क्वालीफायर से पहले आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार का बड़ा बयान- ‘अब मुश्किलें बढ़ी क्योंकि…’

आरसीबी का रिकॉर्ड पहला क्वालिफायर खेलते हुए शानदार रहा है. टीम इससे पहले तीन बार पहला क्वालिफायर खेल चुकी है, जिसमें से 2 बार आरसीबी को जीत मिली है, तो एक बार टीम को हार का सामना करना पड़ा है. आईपीएल 2025 में पहले क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया था. वहीं, 2016 में आरसीबी ने गुजरात लायंस को पहले क्वालिफायर में हराया था. हालांकि, 2011 में टीम को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले क्वालिफायर में हार का सामना करना पड़ा था.

वहीं, गुजरात टाइटंस का पहले क्वालिफायर में रिकॉर्ड मिलाजुला रहा है. जीटी दो बार पहला क्वालिफायर खेलने उतरी हैं, जिसमें से टीम को एक बार जीत नसीब हुई है, जबकि एक मैच में हार झेलनी पड़ी है. साल 2022 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में जीटी ने पहले क्वालिफायर में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया था। हालांकि, 2023 में टीम को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले क्वालिफायर में हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में धर्मशाला के मैदान पर आरसीबी और जीटी के बीच होने वाले पहला क्वालिफायर मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है.

यह भी पढ़ें- ‘कितने गंदे कमेंट, वो…’ किस पर भड़की श्रेयस अय्यर की बहन? IPL में बनाए वीडियो पर भी दी सफाई