Pakistan Viral Video: जहां भारत और पाकिस्तान के बीच बॉर्डर पर अक्सर तनाव और गरम माहौल देखने को मिलता है, वहीं कभी-कभी सोशल मीडिया पर ऐसी वीडियो सामने आ जाती हैं जो लोगों की सोच बदल देती हैं. इन दिनों एक भारतीय लड़की का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पाकिस्तान में बिताए अपने तीन साल के अनुभव लोगों के साथ शेयर किए हैं. वीडियो में कंटेंट क्रिएटर हर्षनीत कौर ने बताया कि पाकिस्तान में उन्हें सबसे ज्यादा वहां के लोगों का प्यार और अपनापन पसंद आया. उन्होंने कहा कि जहां भी वे अपने परिवार के साथ जाती थीं, लोग उन्हें बहुत इज्जत और प्यार देते थे. खासकर उनके पापा पगड़ी पहनते थे, इसलिए लोग प्यार से “सरदार जी” कहकर बुलाते और बिना चाय-पानी या खाना खिलाए जाने नहीं देते थे.
इस्लामाबाद की खूबसूरती ने किया प्रभावित
हर्षनीत ने बताया कि उनका परिवार पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रहता था और वहां की सबसे खास चीज उन्हें पहाड़ और हरियाली लगती थी. उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद की सड़कों पर चलते हुए हर तरफ पहाड़ दिखाई देते थे, जिससे शहर और भी खूबसूरत लगता था. खासकर “मारगल्ला हिल्स” उन्हें बेहद पसंद थी. सुबह हो या शाम, वहां का नजारा देखने लायक होता था. उन्होंने बताया कि वहां घूमते समय ऐसा लगता था जैसे शहर और प्रकृति एक साथ मिल गए हों. यही वजह है कि पाकिस्तान में बिताए उनके दिन उन्हें आज भी खास लगते हैं.
यह भी पढ़ेंः किसी ने दी टॉफी तो कोई कदमों तले आया… देखें दुनिया के तमाम पीएम ने कैसे किया मेलोनी का वेलकम?
मरी की वादियां और रात का खूबसूरत नजारा
वीडियो में हर्षनीत ने “मरी” नाम की जगह का भी जिक्र किया, जो इस्लामाबाद से करीब डेढ़ घंटे की दूरी पर है. उन्होंने बताया कि वहां से पूरे शहर का शानदार नजारा दिखाई देता था. पहाड़ों के बीच बने व्यू पॉइंट पर बैठकर लोग कबाब खाते, घूमते और रात में चमकते शहर को देखते थे. हर्षनीत ने कहा कि रात के समय ऊपर से इस्लामाबाद बहुत सुंदर दिखाई देता था और ये जगह उनकी सबसे पसंदीदा जगहों में से एक थी. उन्होंने बताया कि वहां का शांत माहौल और ठंडी हवा आज भी उन्हें याद आती है.
स्कूल लाइफ और यादगार पल
हर्षनीत ने अपने स्कूल के दिनों को भी याद किया. उन्होंने बताया कि वे इस्लामाबाद के एक इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ती थीं. पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल में खास कार्यक्रम होते थे, जहां ऊंट, गाय और दूसरे जानवर लाए जाते थे ताकि बच्चे उनके साथ समय बिता सकें. इसके अलावा स्कूल में खेलों की सुविधाएं भी काफी अच्छी थीं. हर्षनीत ट्रैक और स्विमिंग टीम का हिस्सा थीं. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में बिताए ये तीन साल उनके लिए सिर्फ एक सफर नहीं थे, बल्कि ऐसी यादें थीं जो हमेशा उनके दिल के करीब रहेंगी.
यह भी पढ़ेंः Video: रेस्टोरेंट में केक काटना पड़ा भारी, स्टाफ ने केक कटिंग फीस के वसूले 11 हजार रुपये- इंटरनेट हैरान





