‘ऑर्गेनिक’ बता बेच दिए 1800 रुपये के आम, घर जाकर काटा तो महिला के उड़ गए होश

‘ऑर्गेनिक’ बता बेच दिए 1800 रुपये के आम, घर जाकर काटा तो महिला के उड़ गए होश


गर्मी आते ही बाजारों में आमों की बहार शुरू हो जाती है. लोग मीठे और रसीले आम खरीदने के लिए हजारों रुपये तक खर्च कर देते हैं. लेकिन अब सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक महिला की कहानी ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. महिला ने दावा किया कि उसने 10 किलो “केमिकल-फ्री” आम 1800 रुपये में खरीदे थे, लेकिन जब 5 दिन बाद आम काटे गए तो अंदर से ज्यादातर सफेद और बेस्वाद निकले. बाहर से चमचमाते और पूरी तरह पके दिखने वाले आमों की सच्चाई सामने आने के बाद इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या “ऑर्गेनिक” और “केमिकल-फ्री” सिर्फ महंगे दाम वसूलने का नया तरीका बन गया है.

बाहर से चमकदार, अंदर से निकले खराब आम

दरअसल, सोशल मीडिया यूजर @Naliniskitchen ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने एक स्थानीय फल विक्रेता से 10 किलो आम खरीदे थे. विक्रेता ने दावा किया था कि ये आम सीधे फार्म से आए हैं और पूरी तरह “केमिकल-फ्री” हैं. महिला के मुताबिक बाहर से आम बिल्कुल पके हुए और शानदार दिख रहे थे. उनका रंग चमकदार पीला-नारंगी था, जिससे लगा कि आम खाने के लिए तैयार हैं. लेकिन करीब 5 दिन बाद जब उन्होंने आम काटे तो अंदर का हिस्सा सफेद और बेस्वाद निकला. महिला ने गुस्से में लिखा कि आम बाहर से खूबसूरत थे लेकिन अंदर से “कचरा” निकले.

पैसे वापस मिलते ही बढ़ा शक

महिला ने बताया कि वह उसी शाम आम बेचने वाले के पास वापस पहुंचीं. पहले उन्होंने आम की कीमत दोबारा पूछी तो विक्रेता ने फिर वही बात दोहराई कि ये “फार्म फ्रेश” और “केमिकल-फ्री” आम हैं. उसने यह भी कहा कि अगर कोई दिक्कत हो तो आम वापस किए जा सकते हैं. इसके बाद महिला ने 5 दिन पुराने आम लौटाकर शिकायत की. हैरानी की बात यह रही कि विक्रेता ने बिना आम जांचे और बिना कोई सवाल किए तुरंत पूरे 1800 रुपये वापस कर दिए. महिला का कहना है कि इसी बात से उन्हें शक हुआ कि आमों को शायद केमिकल से पकाया गया था और “ऑर्गेनिक” का दावा सिर्फ ग्राहकों को फंसाने के लिए किया गया था.

यह भी पढ़ें: पलक झपकते ही बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड! 0.39 सेकेंड में छोटे बच्चे ने सॉल्व किया Rubik’s Cube, वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर छिड़ गई बहस

पोस्ट वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने कहा कि आजकल बाजार में “केमिकल-फ्री” और “ऑर्गेनिक” सिर्फ मार्केटिंग शब्द बन गए हैं. एक यूजर ने लिखा, “बाहर से चमकदार और अंदर से बेकार, यही असली स्कैम है.” दूसरे यूजर ने दावा किया कि कई जगह आमों को कैल्शियम कार्बाइड जैसे केमिकल से जल्दी पकाया जाता है और फिर उन्हें फार्म फ्रेश बताकर महंगे दामों में बेचा जाता है. वहीं कुछ लोगों ने सलाह दी कि आम खरीदने से पहले एक पीस लेकर चखना चाहिए और कटी हुई सैंपल स्लाइस पर भरोसा नहीं करना चाहिए. फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग फलों में मिलावट को लेकर चिंता जता रहे हैं.

यह भी पढ़ें: दिल्ली की सड़कों पर खुलेआम अश्लीलता, चलती कार की छत पर कपल ने किया लिपलॉक, वीडियो वायरल