RCB VS MI : क्रुणाल पंड्या हुए भावुक, मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ से बाहर करने के बाद क्यों ‘रो’ पड


IPL 2026: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया मुकाबला भावनाओं, रोमांच और यादगार पलों से भरपूर रहा. आखिरी गेंद तक चले इस हाई-वोल्टेज मैच में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को दो विकेट से हराकर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर दिया. इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे क्रुणाल पंड्या, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला.

मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना क्रुणाल पंड्या के लिए सिर्फ एक सामान्य मुकाबला नहीं था. यह वही टीम थी जिसके साथ उन्होंने अपने करियर के सुनहरे साल बिताए थे. 2016 से 2021 तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे क्रुणाल ने टीम के लिए कई यादगार प्रदर्शन किए और तीन आईपीएल ट्रॉफी जीतने में अहम भूमिका निभाई थी.

क्रुणाल की शानदार पारी

आरसीबी के लिए लक्ष्य का पीछा करते हुए क्रुणाल ने दबाव भरे मुकाबले में 73 रनों की शानदार पारी खेली. जब विकेट लगातार गिर रहे थे तब उन्होंने जिम्मेदारी संभाली और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया. उनकी यह पारी सिर्फ मैच जिताऊ नहीं थी बल्कि उनके अनुभव और मानसिक मजबूती का भी बड़ा उदाहरण बनी.

यह भी पढ़ें- RCB VS MI: आखिरी ओवर में भयंकर ड्रामा, बल्ला टूटा, फिर वाइड गेंद और फिर छक्का, हर गेंद की कहानी पढ़िए

क्रुणाल पंड्या का भावुक रूप

मैच खत्म होने के बाद क्रुणाल पंड्या का भावुक रूप देखने को मिला. पोस्ट मैच इंटरव्यू के दौरान जब उनसे मुंबई इंडियंस और पुराने साथियों के बारे में पूछा गया तो उनकी आवाज भर्रा गई. खास तौर पर कीरोन पोलार्ड का जिक्र करते हुए वह बेहद भावुक नजर आए. क्रुणाल ने कहा, “पॉली मेरे बड़े भाई जैसे हैं. मैंने मुंबई इंडियंस में अपने सबसे बेहतरीन छह साल बिताए हैं. पोलार्ड और पांड्या ब्रदर्स टीम के इंजन रूम थे. मैं उन्हें बहुत पसंद करता हूं. वह इस फॉर्मेट के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं.”

यह भी पढ़ें- RCB VS MI: जीत के बाद ये क्या बोल गए RCB कप्तान रजत पाटीदार, कहा- ‘प्वाइंट्स टेबल हम नहीं देखते बस…’

उनके बयान ने मुंबई इंडियंस के उस सुनहरे दौर की याद दिला दी जब पोलार्ड, हार्दिक पंड्या और क्रुणाल पंड्या ने मिलकर टीम को कई ऐतिहासिक जीत दिलाई थीं. इन खिलाड़ियों ने लोअर मिडिल ऑर्डर में मजबूती, उपयोगी गेंदबाजी और बड़े मैचों में मैच फिनिश करने की जिम्मेदारी बखूबी निभाई थी. क्रुणाल की आंखों में भावनाएं साफ दिखाई दे रही थीं. इंटरव्यू के दौरान कमेंटेटर इयान बिशप ने भी उनकी स्थिति को समझा और बातचीत खत्म करते हुए कहा, “मैं आपकी आवाज में भावुकता सुन सकता हूं, अब आपको जाने देता हूं.”