Tata Group ने एयर इंडिया में की 180 कर्मचारियों की छुट्टी, कंपनी ने दी ये सफाई
Air India इससे पहले 12 मार्च को एयरलाइन ने 53 स्टाफ को बाहर निकाला था।
By Sandeep Chourey
Publish Date: Sat, 16 Mar 2024 11:43 AM (IST)
Up to date Date: Sat, 16 Mar 2024 11:43 AM (IST)
HighLights
- एयर इंडिया जब घाटे में चल रही थी तो टाटा ग्रुप ने साल 2022 में एयर इंडिया का अधिग्रहण कर लिया था।
- एयर इंडिया ने कैंटीन सर्विस, हायजीन और एसी सर्विस स्टाफ के कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है।
- एयरलाइन की ओर से नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों की संख्या नहीं बताई गई है।
पीटीआई, नई दिल्ली। एयर इंडिया ने बीते कुछ सप्ताह में 180 से अधिक गैर-उड़ान संबंधित कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इस संबंध में एयरलाइन की ओर से सफाई देते हुए कहा गया है कि नौकरी से निकाले गए सभी कर्मचारी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजनाओं और पुनः कौशल के अवसरों का उपयोग करने में सक्षम नहीं थे।
साल 2022 में टाटा ने किया एयर इंडिया का अधिग्रहण
गौरतलब है कि एयर इंडिया जब घाटे में चल रही थी तो टाटा ग्रुप ने साल 2022 में एयर इंडिया का अधिग्रहण कर लिया था और तब से इसके बिजनेस मॉडल को व्यवस्थित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को जानकारी दी है कि फिटमेंट प्रक्रिया के हिस्से के रूप में गैर-उड़ान कार्यों में कर्मचारियों को उनकी योग्यताओं और संगठनात्मक आवश्यकताओं के आधार पर जिम्मेदारी दी गई थी।
इस कारण कर्मचारियों की छंटनी
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक ने टाटा ग्रुप के प्रवक्ता के हवाले से जानकारी दी है कि हमारे एक फीसदी से भी कम लोग VRS या रेस्किलिंग अवसरों का उपयोग करने में सक्षम नहीं हैं, इसलिए उनकी छंटनी करना पड़ी। हम इस प्रक्रिया के दौरान सभी संविदात्मक दायित्वों (Contractual Obligations) का सम्मान कर रहे हैं।” गौरतलब है कि बीते कुछ समय से एयर इंडिया खुद को ग्लोबल एयरलाइन के तौर पर स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
एयर इंडिया में कुल 18 हजार कर्मचारी
मिली जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया ने कैंटीन सर्विस, हायजीन और एसी सर्विस स्टाफ के कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। एयरलाइन की ओर से नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों की संख्या नहीं बताई गई है। सूत्रों के मुताबिक, करीब 180 से कुछ अधिक पुराने कर्मचारी थे, जिन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है। आपको बता दें कि एयर इंडिया में करीब 18,000 कर्मचारी हैं। इससे पहले 12 मार्च को एयरलाइन ने 53 स्टाफ को बाहर निकाला था।


