सचिन तेंदुलकर का आज 53वां जन्मदिन है. इस मौके पर जानिए उनके 7 ऐसे रिकार्ड्स जो अटूट है. कई तो ऐसे हैं, जो अगले 50 सालों तक भी नहीं टूटेंगे. कई रिकार्ड्स में विराट कोहली उनसे पीछे हैं, लेकिन वह अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं और इस वजह से उनके लिए भी इन रिकार्ड्स को तोड़ना नामुमकिन सा है.
1. सबसे ज्यादा वनडे रन
वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अभी भी सचिन तेंदुलकर के नाम है और आंकड़े देखकर लगता है कि आने वाले कई सालों में सचिन का ये रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ सकता. सचिन ने 1989 से 2012 के बीच कुल 463 वनडे खेले, जिसमें 18426 रन बनाए. उनसे सबसे करीब विराट कोहली हैं, लेकिन वो भी करीब 4 हजार रन पीछे हैं. कोहली अभी वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं, हालांकि उनके लिए भी ये रिकॉर्ड तोड़ना अब बहुत मुश्किल है.
2. सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने का रिकॉर्ड
सचिन तेंदुलकर सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने अपने करियर में कुल 664 इंटरनेशनल मैच खेले. वर्तमान में खेल रहे खिलाड़ियों में उनके सबसे करीब कोहली हैं, जो 559 मैच खेल चुके हैं लेकिन वह अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं. ऐसे में उनके लिए 104 मैच और खेलना मुश्किल है. ये नामुमकिन ही है. सचिन का ये रिकॉर्ड तोड़ने के करीब महेला जयवर्धने (652) आए थे, लेकिन वह इसे तोड़ नहीं सके.
3. सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी सचिन तेंदुलकर के नाम है. वह 100 शतक लगा चुके हैं. विराट कोहली को लेकर कहा जाता है कि वह उनका ये रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं, जो 85 शतक लगा चुके हैं लेकिन वह टी20 और टेस्ट से रिटायरमेंट ले चुके हैं और वनडे फॉर्मेट में मैच कम होते हैं ऐसे में उनके लिए 15 वनडे शतक और लगाना बहुत मुश्किल होगा.
यह भी पढ़ें- Sachin Tendulkar Birthday: ‘लेकिन मैं केक नहीं खाऊंगा…’ अर्जुन तेंदुलकर ने यूं किया सचिन तेंदुलकर को बर्थडे विश, देखें वीडियो
4. सबसे लंबा इंटरनेशनल करियर
सचिन तेंदुलकर ने नवंबर, 1989 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था, उन्होंने नवंबर 2013 को आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला. उनका इंटरनेशनल करियर 24 साल 1 दिन का रहा, जो सर्वाधिक है.
6⃣6⃣4⃣ international matches 🙌
3⃣4⃣,3⃣5⃣7⃣ international runs 🫡
Only cricketer to score 1⃣0⃣0⃣ international hundreds 💯Member of #TeamIndia‘s ICC Men’s ODI World Cup 2011 winning campaign 🏆
Wishing the legendary Sachin Tendulkar @sachin_rt a very happy birthday 🎂🥳 pic.twitter.com/LAs8KbEUPd
— BCCI (@BCCI) April 24, 2026
5. सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले सचिन तेंदुलकर
सचिन ने 664 इंटरनेशनल मैचों की 782 पारियों में 34357 रन बनाए हैं, उनके आलावा दुनिया में किसी ने 30 हजार रन भी नहीं बनाए हैं. 100 शतक के आलावा सचिन ने 164 बार अर्धशतक लगाए हैं.
यह भी पढ़ें- IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों की इस लिस्ट में नंबर-1 वैभव सूर्यवंशी, दूसरे पर अभिषेक शर्मा
6. सबसे ज्यादा टेस्ट शतक
सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में शतकों की हाफ सेंचुरी लगाई है. सचिन ने 200 टेस्ट मैचों में 51 शतक जड़े हैं. वर्तमान में खेल रहे खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जो रुट (41) के नाम हैं, उन्हें भी सचिन के इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 11 टेस्ट शतक और लगाने हैं.
7. वनडे में सबसे ज्यादा POTM अवार्ड
वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी सचिन तेंदुलकर के नाम है, जो कुल 62 बार ये अवार्ड जीत चुके हैं. एक्टिव प्लेयर्स में सबसे ज्यादा POTM अवार्ड जीतने वाले खिलाड़ी विराट कोहली हैं, जो 45 बार ये जीत चुके हैं. सचिन के इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए उन्हें 18 बार ये अवार्ड जीतना है, जो नामुमकिन सा है.



.jpg)

