Navjot Singh Sidhu: पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू के विस्फोटक बयान पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की चुप्पी, उठे सवाल
सिद्धू ने सलाह दी थी कि अगर वह ( मान) गंभीर हैं तो उन्हें कांग्रेस में शामिल होने पर विचार करना चाहिए और दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मिलना चाहिए। इसके बाद दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।
By Arvind Dubey
Publish Date: Fri, 08 Mar 2024 10:43 AM (IST)
Up to date Date: Fri, 08 Mar 2024 10:43 AM (IST)

HighLights
- सिद्धू ने कहा था- कांग्रेस में आना चाहते थे भगवंत मान
- सिद्धू को सीएम बनाने और खुद डिप्टी सीएम बनने के लिए भी तैयार थे
- आम आदमी पार्टी की ओर से अब तक नहीं आई प्रतिक्रिया
एजेंसी, चंडीगढ़। पंजाब में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के विस्फोटक बयान पर आम आदमी पार्टी नेता और मुख्यमंत्री भगवंत मान की चुप्पी पर सवाल उठने लगे हैं। माना जा रहा था कि सिद्धू के गंभीर आरोपों पर मान और AAP की ओर से तगड़ा जवाब दिया जाएगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है।
भगवंत मान पर क्या कहा था सिद्धू ने
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे नवजोत सिंह सिद्धू ने दावा किया है कि पंजाब का मुख्यमंत्री रहते भगवंत मान ने एक बार कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की थी। भगवंत मान इस बात के लिए राजी थे कि सिद्धू मुख्यमंत्री बनें और वे उनके डिप्टी सीएम के रूप में काम करने के लिए तैयार थे।
एक साक्षात्कार में सिद्धू ने कहा, ‘मैं आपको बता सकता हूं कि किसने मुझसे संपर्क किया था। भगवंत मान साहब मेरे पास आए थे। उन्होंने मुझसे कहा कि पाजी, अगर आप मुझे कांग्रेस में शामिल करा दो, तो मैं आपका डिप्टी बनने के लिए तैयार हूं। और अगर आप आम आदमी पार्टी में आने को तैयार हो, तो भी मैं आपका डिप्टी बनने के लिए तैयार हूं।’
भगवंत मान के इस कथित ऑफर पर सिद्धू ने सलाह दी थी कि अगर वह ( मान) गंभीर हैं तो उन्हें कांग्रेस में शामिल होने पर विचार करना चाहिए और दिल्ली में पार्टी नेतृत्व के साथ जुड़ना चाहिए। इस सलाह के बाद दोनों के बीच आगे कोई बातचीत नहीं हुई।
सिद्धू बोले- मैं राहुल-प्रियंका का वफादार
चर्चा के दौरान सिद्धू ने साफ किया कि वे भाजपा में शामिल नहीं होंगे और कांग्रेस में बने रहेंगे। कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के प्रति अपनी वफादारी का जिक्र करते हुए कहा कि मेरे लिए उन्हें छोड़ना संभव नहीं है। सिद्धू ने कहा कि मैं पंजाब के लोगों की सेवा करने के लिए समर्पित हूं।


