- OMR शीट प्रतियोगी परीक्षाओं में अंक निर्धारण का मुख्य आधार है.
- मशीन रोशनी के अंतर से भरे हुए गोलों को पहचानती है.
- हल्के या गलत भरे गोले, मशीन द्वारा गलत माने जाते हैं.
- OMR शीट को सीधा, साफ रखें और निर्देशों का पालन करें.
हर साल लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठते हैं. कोई सरकारी नौकरी के सपने के साथ, कोई अच्छे कॉलेज में दाखिले की उम्मीद में, तो कोई स्कॉलरशिप पाने के लिए. परीक्षा हॉल में सबका ध्यान सवालों पर होता है, लेकिन असली फैसला जिस चीज पर होता है, उसकी तरफ बहुत कम लोग ध्यान देते हैं वो है OMR शीट. यही वह कागज है, जिस पर किया गया आपका छोटा सा निशान भी आपके नंबर तय करता है. कई बार सही जवाब देने के बाद भी छात्र सिर्फ इसलिए नंबर गंवा देते हैं, क्योंकि उन्होंने OMR पर गोला सही तरीके से नहीं भरा.
OMR (Optical Mark Recognition) शीट एक खास तरह का आंसर शीट होता है, जिसमें छात्र पेन या पेंसिल से गोलों को भरकर अपने उत्तर दर्ज करते हैं. बाद में इन्हीं शीटों को मशीन से जांचा जाता है. मशीन आपकी लिखावट नहीं पढ़ती, वह सिर्फ यह देखती है कि किस गोले में गहरा निशान है और किसमें नहीं. यानी आपने जवाब सही चुना, लेकिन गोला हल्का भरा, तो मशीन उसे खाली मान लेती है.
OMR मशीन कैसे पढ़ती है आपकी शीट?
रिपोर्ट्स के अनुसार जब आपकी OMR शीट मशीन में जाती है, तो सबसे पहले उस पर तेज रोशनी डाली जाती है. जहां गोला भरा होता है, वहां पेंसिल या स्याही की वजह से रोशनी कम लौटती है, जबकि खाली जगह से रोशनी ज्यादा वापस आती है. मशीन इसी फर्क को पकड़ती है. इसमें कई छोटे-छोटे सेंसर लगे होते हैं, जो एक साथ कई कॉलम पढ़ते हैं.
ये सेंसर तय जगह पर बने गोलों को ही पहचानते हैं. अगर निशान गोले से बाहर चला गया या हल्का रह गया, तो मशीन उसे पहचान नहीं पाती. इसके बाद सॉफ्टवेयर यह तय करता है कि कौन-सा गोला भरा है और उसे आंसर-की से मिलाकर रिजल्ट तैयार करता है. अगर एक सवाल में दो गोले भरे हों, तो सॉफ्टवेयर उसे गलती मानकर गलत कर देता है.
यह भी पढ़ें – Success Story: अत्याचार से अफसर तक, एक महिला की हिम्मत ने बदली किस्मत; जानें सविता की कहानी
छोटी गलती कैसे बन जाती है बड़ा नुकसान?
प्रतियोगी परीक्षाओं में कट-ऑफ अक्सर एक या दो नंबर से तय होती है. ऐसे में OMR पर की गई छोटी-सी गलती भी भारी पड़ सकती है. गोला हल्का भरना, जल्दी में टेढ़ा निशान लग जाना, दो विकल्प भर देना, गलत पेन का उपयोग, या शीट को मोड़ देना ये सब कारण आपके सही जवाब को भी गलत बना सकते हैं. मशीन यह नहीं देखती कि आपने मेहनत कितनी की, वह सिर्फ निशान की गहराई देखती है.
OMR शीट में पोजीशन का क्या महत्व है?
OMR शीट के कोनों और किनारों पर छोटे काले निशान बने होते हैं. इन्हीं से मशीन को पता चलता है कि शीट सीधी है या नहीं. अगर शीट मुड़ गई, टेढ़ी हो गई, या उन निशानों पर दाग लग गया, तो मशीन पूरी शीट को गलत तरीके से पढ़ सकती है. इसलिए OMR शीट को साफ और सीधा रखना बहुत जरूरी है.
OMR शीट भरते समय किन बातों का ध्यान रखें?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हर सवाल हल करने के तुरंत बाद OMR पर गोला भरें. गोले को पूरी तरह और गहरा भरें. केवल वही पेन या पेंसिल इस्तेमाल करें, जो निर्देश में दी गई हो. एक सवाल में एक ही गोला भरें. शीट को मोड़ें नहीं, गीला न होने दें. गोले के बाहर निशान न लगाएं. रोल नंबर और बुकलेट कोड बहुत ध्यान से भरें, क्योंकि यहां की गलती भी रिजल्ट रोक सकती है.
यह भी पढ़ें – लू के थपेड़ों के बीच राहत की खबर, अब इस स्टेट में 20 अप्रैल से होंगी स्कूलों की छुट्टियां; सीएम ने किया ऐलान
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI





