Gold and Silver Value in MP: सोना इंदौर में पहली बार 65000 रुपये बिका, चांदी के दाम में 200 रुपये की कमी
Gold and Silver Value in MP: इंदौर शहर में शनिवार को सोना कैडबरी 65000 रुपये प्रति दस ग्राम तथा चांदी 73200 रुपये प्रति किलो बोली गई।
By Lokesh Solanki
Publish Date: Solar, 10 Mar 2024 02:50 AM (IST)
Up to date Date: Solar, 10 Mar 2024 02:50 AM (IST)

Gold and Silver Value in MP: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इस सप्ताह सोने की कीमतें लगातार बीते रिकार्ड तोड़ रही है। सप्ताह के आखिरी दिन इंदौर में सोने के दाम अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गए। 24 कैरेट सोना (कैडबरी) नकद में 65 हजार रुपये प्रति दस ग्राम बिका। आरटीजीएस यानी टैक्स के साथ सोने के दाम 67 हजार के पार पहुंच गए। इस तरह सोने ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 65 हजार का स्तर भी पार कर लिया है।
अंतरराष्ट्रीय मार्केट में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस शुक्रवार को सोना में लगातार सातवें दिन तेजी रही और कॉमेक्स पर सोना सात डॉलर और उछलकर 2178 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसके चलते शनिवार को इंदौर सराफा में सोना कैडबरी ने पहली बार 65 हजार रुपये प्रति दस ग्राम का घर देखा। वहीं आरटीजीएस में सोना 67350 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले सोने के इतने ऊंचे दाम कभी नहीं देखे गए।
जानकारों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने, फेड रिजर्व के ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीद बढ़ाने से सोने की तेजी को सपोर्ट मिला है। फेड रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल की यूएस सीनेट में पेशी के बाद ब्याज दरों में कटौती की अटकलें तेज हो गई हैं। साथ ही दुनिया के आर्थिक हालात और लगातार जारी भूराजनीतिक तनाव के कारण भी सोने में निवेशकों का रुझान बढ़ गया है।
इंडिया बुलियन एंड जूलर्स एसोसिएशन के डायरेक्टर हरेश आचार्य ने कहा कि कई जियोपालिटिकल फैक्टर्स और मिडिल ईस्ट में संघर्ष बढ़ने की अटकलों से सोने की कीमत में तेजी आई है। शुक्रवार को कॉमेक्स पर सोना 2178 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ। दूसरी ओर चांदी में ऊंचे दामों पर ग्राहकी कुछ कमजोर रहने से भाव में आंशिक गिरावट रही। इंदौर में चांदी 200 रुपये घटकर 73200 रुपये प्रति किलो रह गई। वहीं कॉमेक्स पर शुक्रवार को चांदी वायदा 22 सेंट घटकर 24.31 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी।
इंदौर में सोना-चांदी के बंद भाव
सोना कैडबरी रवा नकद में 65000 रुपये, सोना (आरटीजीएस) 67350 रुपये तथा सोना (91.60 कैरेट) 61690 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। शुक्रवार को सोना 64900 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी चौरसा 73200 रुपये, चांदी टंच 73350 रुपये तथा चांदी चौरसा (आरटीजीएस) 74300 रुपये प्रति किलो बोली गई। शुक्रवार को चांदी 73400 रुपये पर बंद हुई थी।


