किताबें हैं या सोने के बिस्किट? स्कूलों की मनमानी से महंगी किताबें खरीदने को मजबूर हैं पैरेंट्स

किताबें हैं या सोने के बिस्किट? स्कूलों की मनमानी से महंगी किताबें खरीदने को मजबूर हैं पैरेंट्स


आज के समय में बच्चों की पढ़ाई अब सस्ती नहीं, बल्कि एक महंगी जिम्मेदारी बनती जा रही है. नए सेशन की शुरुआत के साथ ही किताबों और स्टेशनरी के नाम पर अभिभावकों पर भारी खर्च का बोझ पड़ रहा है. Chandigarh से वायरल एक वीडियो ने इस पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है. वीडियो में एक पिता इस पूरे सिस्टम की सच्चाई बयान कर रहा है, जहां छोटे बच्चों के लिए किताबें खरीदना भी गरीब परिवार के लिए सपने जैसा हो गया है. वीडियो देखने के बाद आपका भी खून खौल उठेगा.

दूसरी कक्षा की किताबें 9 हजार रुपये की

दरअसल वीडियो में एक पिता बताता है कि नियम होने के बावजूद उसे अपने बच्चे की किताबें एक तय दुकान से ही खरीदनी पड़ीं. हैरानी की बात ये है कि क्लास 2 के बच्चे की किताबों का बिल 9,000 रुपये तक पहुंच गया, जबकि कुछ मामलों में ये 10–12 हजार रुपये तक भी गया. इतना ही नहीं, बच्चों के बैग का वजन करीब 30 किलो बताया जा रहा है, जो एक अलग चिंता का विषय है.

मामला सिर्फ एक शहर तक सीमित नहीं

यह समस्या सिर्फ चंडीगढ़ तक सीमित नहीं है. Lucknow जैसे शहरों में भी ऐसी ही शिकायतें सामने आ रही हैं, जहां स्कूलों पर चुनिंदा दुकानों से सेटिंग के आरोप लग रहे हैं. अभिभावकों का कहना है कि उनके पास कोई विकल्प नहीं बचता और उन्हें तय दाम पर ही किताबें खरीदनी पड़ती हैं. इतना ही नहीं, महानगरों में तो किताबों का बिल इससे कई गुना ज्यादा है, सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हैं जिनमें बताया गया है कि मां बाप स्कूल की बताई गई दुकान से ही किताबें खरीदने के मजबूर हैं.

यह भी पढ़ें: Viral Video: RCB जर्सी से हुआ नामकरण, महाराष्ट्र के कपल ने बेटे का नाम रखा विराट, वीडियो हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

इस मामले पर सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा साफ नजर आ रहा है. यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि क्या किताबें अब “सोने के बिस्किट” बन गई हैं? कई लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है और सिस्टम में पारदर्शिता लाने की बात कही है. कुछ यूजर्स ने तो यहां तक कह दिया कि आजकल के किंडरगार्टन के बच्चों की किताबों का खर्च इंजीनियर की पढ़ाई से भी ज्यादा लग रहा है. वीडियो को सोशल मीडिया पर अलग अलग प्लेटफॉर्म से शेयर किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: Viral Video: गजब! तेल संकट के बीच कुत्ते की पीठ पर टंकी रख पेट्रोल भरवाने पहुंचा शख्स, वीडियो देख आएगी हंसी