US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग को लेकर सशर्त सीजफायर की घोषणा बुधवार को कर दी गई है. ऐसे में जंग रुकवाने का क्रेडिट लेने की कोशिश पाकिस्तान की तरफ से की जा रही है. अब इस को लेकर पाकिस्तान को शांति का नोबेल पुरस्कार दिलाने की मांग की जा रही है. यह मांग बेहद ही हास्यास्पद लगती है. पाकिस्तान को शांति का नोबेल पुरस्कार दिलाने की मांग वहां की मीडिया और कुछ संस्थान उठा रहे हैं.
सीजफायर की घोषणा करते वक्त अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शहबाज शरीफ और मुनीर का नाम लिया था. बस इसी बात को वहां की मीडिया उछालकर एक एजेंडे के तहत शांति का पुरस्कार देने की मांग कर रही है. वहां की मीडिया लगातार पाकिस्तान की भूमिका को अहम बताते हुए युद्धविराम में मध्यस्थता का श्रेय ले रही है. वह इसके लिए वहां के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर को नोबेल शांति पुरस्कार मिलने की मांग कर रही है.
पाक रिटायर्ड कर्नल का दावा- देश ने एक बड़े युद्ध को रोका
द नेशन में एक प्रकाशित आर्टिकल में वहां के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल सैयद अहमद नदीम कादरी ने लिखा है कि पाकिस्तान ने एक बड़े युद्ध को रोका. अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई.
उन्होंने कहा कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और बाजारों को स्थिर करने में मदद की. इसके अलावा कूटनीति को बढ़ावा देते हुए सैन्य कार्रवाई रोकने की लगातार कोशिश की. इसके अलावा कराची के चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने सीजफायर का श्रेय शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर को दिया.
ईरान को पाकिस्तान ने नहीं किस देश ने मनाया?
इधर, पाकिस्तान भले ही सीजफायर को लेकर अपनी तारीफों के पुल बांध रहा है, लेकिन कई रिपोर्ट्स बताती हैं कि यह सिर्फ अमेरिका के इशारे पर पाकिस्तान ने किया. शहबाज और मुनीर तो बस मोहरे हैं. इसके अलावा अमेरिका के ड्राफ्ट ट्वीट ने भी पाकिस्तान की विश्वसनीयता पर सवाल उठा दिए हैं.
वहीं, ईरान को सीजफायर के लिए मनाने के लिए चीन ने असल भूमिका निभाई है. इसकी पुष्टी भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की है. उन्होंने बुधवार को कहा था कि मुझे लगता है कि चीन ने ईरान को बातचीत के लिए राजी किया है. साथ ही सीजफायर में अहम भूमिका निभाई है. इसके अलावा न्यूयॉर्क टाइम्स ने ईरानी अधिकारियों के हवाले से बताया था कि चीन ने अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए ईरान पर प्रेशर डालकर उसे सीजफायर के लिए तैयार किया.
यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान सीजफायर पर शहबाज शरीफ खुशी से फूले नहीं समाए, बोले- ‘मुनीर हमारे हीरो, अल्लाह ने आज पाकिस्तान को…’





