शिवालयों में उमड़ी भीड़, हर-हर महादेव से गूंजा अंचल
अष्टमुखी शिव पंचायती मंदिर बिलासपुर में 100 किलो ठंडाई का भोग लगाया गया। वहीं शाम चार बजे भगवान की बरात निकाली जाएगी। तिलक नगर श्रीराम मंदिर में पूरे दिन के नमः शिवाय का जाप चला। बारात चांटीडीह शिव मंदिर पहुंची। झूलेलाल मंदिर चकरभाठा में निशुल्क सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। सुबह 11 बजे सिंधु अमर धाम आश्रम से बारात निकली।
कल निकलेगी शोभायात्रा
10 मार्च को महाकाल सेना पहली बार उज्जैन की भस्म झांकी सहित 25 झांकियों के साथ शोभायात्रा निकालेगी। ड्रोन से पुष्प वर्षा की जाएगी। जो बेहद खास होगा। इसके लिए महाकाल सेना ने पूरी तैयारी कर ली है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को भव्य तरीके से सजाया गया है। बिलासपुर में अगले तीन दिनों तक महाउत्सव मनेगा। यानी यह रविवार शहरवासियों के लिए बेहद खास होगा।
चांटीडीह मेला प्रारंभ, लोक संस्कृति की झलक
शहर के चांटीडीह स्थित शिव मंदिर परिसर में परंपरानुसार महाशिवरात्रि पर मेला प्रारंभ हुआ। मेले का आयोजन सन् 1932 से किया जा रहा। खास बात यह है कि मेले में आने वाले व्यक्ति को भगवान शंकर के दर्शन के साथ ही चारों धाम के दर्शन हो जाते हैं, क्योंकि यहां चारों धाम की मूर्तियां मौजूद हैं। पहले दिन मिट्टी, लकड़ी के खिलौने के साथ ही छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली।
भगवान शिव को चढ़ाया ध्वज
चांटीडीह शिव मंदिर में ध्वज चढ़ाने की परंपरा वर्षों पुरानी है। इस साल भी इसका पालन किया गया। भक्त अपनी मनोकानाओं की पूर्ति होने पर मंदिर में ध्वज चढ़ाने पहुंचे। बैंडबाजा पार्टी, कुम्हार, किन्नर, बजरंग दल, शिव सेना की ओर से शिवरात्रि में ध्वज चढ़ाया गया। भगवान के दर्शन करने बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी।
बाजार में पूजन सामग्री खरीदने भीड़
महाशिवरात्रि पर पूजन सामग्री खरीदने बाजार में खचाखच भीड़ रही। सुबह से भक्त पूरी तैयारी के साथ दूध से लेकर फल-फूल और पूजन सामग्री खरीदने पहुंचे। इस बार फल और फूलों के दाम में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई। दाम सामान्य थे। दूध, शहद, जल, दही, पंचामृत, घी आदि द्रव्यों के साथ शिव को प्रिय धतूरा, आंक, गुलमोहर, बेलपत्र, और श्वेत पदार्थ खरीदने भक्त उत्साहित थे।
जगराता में शक्ति की आराधना
रिवर व्यू में हिंदू एकता संगठन द्वारा आयोजित जगराता में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भजन गायक संदीप शिवहरे, अंजली गुप्ता और ओम सराफ ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। अंगना पधारो महारानी…मां शारदा भवानी। जय दुर्गे मैय्या। आ जा मां तुझे दिल ने पुकारा जैसे गीतों की प्रस्तुति ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं जगराता में राधा कृष्ण की झांकी ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महाशिवरात्रि पर देवकीनंदन चौक, रेलवे कालोनी, कुंदन पैलेस सहित कई अन्य जगहों में भी देर रात तक जगराता हुआ।
श्याम रेसीडेंसी में सामूहिक पूजा
उसलापुर स्थित श्याम रेसीडेंसी फेस वन में कालोनीवासियों ने सामूहिक रूप से महाशिवरात्रि पूजा का आयोजन किया। जिसमें सामूहिक रुप से भंडारा भी कराया गया। मुख्य रूप से सुधा सिंह, तनमय,देवकुमारी पाठक,राजेश पाठक, संजना पाठक,अभिलाष पाठक,तनु शर्मा,प्रशांत शर्मा,किरण शर्मा तुषार सिंह उपस्थित थे।
इंटरनेट पर छाए भोलेनाथ
महाशिवरात्रि के मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने एक दूसरे को बधाई एवं शुभकामनाएं संदेश भी भेजे। बच्चों से लेकर युवा और बड़ों में जबरदस्त क्रेज था। घर से लेकर मंदिरों में पूजा के साथ बकायदा तस्वीरें खिंचकर उसे अपने व्हाटसएप स्टेटस पर लगाया। इंस्टाग्राम, ट्विटर और फेसबुक सहित अन्य इंटरनेट माध्यम से वायरल भी किया। कुछ ने अपने पुरानी तस्वीरों को शेयर करते हुए बधाई दी। खास बात यह कि बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने व्रत भी रखा था। जिसे वे इंटरनेट के माध्यम से अपनी खुशी का इजहार भी कर रहे थे।

