MP Rajya Sabha Election 2024: भाजपा के चारों प्रत्याशी रिटर्निंग अधिकारी के दफ्तर पहुंचे, कुछ देर में दाखिल करेंगे नामांकन

मुख्यमंत्री मोहन यादव और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे चारों प्रत्याशी। शिवराज सिंह चौहान और कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे।

By Ravindra Soni

Publish Date: Thu, 15 Feb 2024 08:30 AM (IST)

Up to date Date: Thu, 15 Feb 2024 11:49 AM (IST)

MP Rajya Sabha Election 2024: भाजपा के चारों प्रत्याशी रिटर्निंग अधिकारी के दफ्तर पहुंचे, कुछ देर में दाखिल करेंगे नामांकन

भोपाल। मप्र की पांच राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है। बुधवार को भाजपा ने चार सीटों पर और कांग्रेस ने एक सीट के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी, जो आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा ने पार्टी की महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया सहित केंद्रीय मंत्री डा. एल मुरुगन और उमेश नाथ महाराज तथा बंसीलाल गुर्जर को अपना प्रत्याशी बनाया है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे भाजपा के चारों प्रत्याशी सात नंबर स्टाप स्थित पार्टी के कार्यालय में पहुंचे। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर बधाई दी और उनका अभिनंदन किया। यहां से वे मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ विधानसभा में बने रिटर्निंग आफिसर के दफ्तर पहुंचे। शिवराज सिंह चौहान, कैलाश विजयवर्गीय भी विधानसभा स्थित राज्य सभा रिटर्निंग आफिसर कार्यालय पहुंचे।

#WATCH भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “…समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देना और समर्पित कार्यकर्ता को अवसर देने का काम भाजपा करती है…बहुत योग्य चयन किया गया है…मैं केंद्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट करता हूं…” pic.twitter.com/rJRLxzFlpb

— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 15, 2024

वहीं, कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए अशोक सिंह के नाम पर दांव खेला है। वह भी आज नामांकन दाखिल करेंगे। समीकरणों के हिसाब से मप्र की चार सीटों पर भाजपा और एक पर कांग्रेस के उम्मीदवार की जीत तय लग रही है। मध्य प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार उमेश नाथ ने राज्यसभा का नामांकन दाखिल करने से पहले आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की।

02 अप्रैल को समाप्त हो रहा मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल

यहां पर यह बता दें कि प्रदेश की पांच राज्यसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 02 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इनमें भाजपा की ओर धर्मेन्द्र प्रधान, डा. एल मुरुगन, अजय प्रताप सिंह, कैलाश सोनी और कांग्रेस से राजमणि पटेल शामिल हैं।

कल होगी नामांकन पर्चों की जांच

राज्यसभा चुनाव के लिए केंद्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित किए गए कार्यक्रम के अनुसार 08 फरवरी से नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। 15 फरवरी तक नामांकन जमा होंगे। अगले दिन इनकी जांच होगी। 20 फरवरी तक नामांकन फार्म वापस लिए जा सकेंगे। 27 फरवरी मतदान सुबह 9 बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा। पांच बजे से मतगणना होगी और फिर इसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया 29 फरवरी से पूर्व संपन्न कर ली जाएगी।

  • ABOUT THE AUTHOR

    वर्तमान में नवदुनिया भोपाल यूनिट में हाइपर लोकल डिजिटल डेस्क पर डिजिटल कोआर्डिनेटर के रूप में विगत तीन वर्ष से कार्यरत हूं। इससे पहले मैं नईदुनिया इंदौर यूनिट में पदस्थ था, जहां मैंने डिजिटल डेस्क के अलावा ज्या