Lok sabha chunav 2024 : रीवा में बड़े प्रोजेक्ट तो आए, लेकिन अब भी रोजगार की मारामारी
आदर्श ग्रामों की स्थिति पहले से बेहतर
प्रत्येक सांसद की तरह जनार्दन मिश्रा ने पांच आदर्श गांव बनाने का जिम्मा लिया था। इसकी शुरुआत उन्होंने सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के हरदुआ गांव से की थी, जबकि दूसरा गांव अमवा, तीसरा बहुती मऊगंज, चौथा बड़ागांव और पांचवां रूपौली है। बताया जाता है कि प्रदेश सरकार में विशेष दखल रखने वाले रीवा क्षेत्र के विधायकों ने अधिकतर काम कराए हैं। हालांकि सांसद ने जिन गांवों को आदर्श ग्राम बनाने का जिम्मा लिया था, वहां की स्थिति पहले से बेहतर देखने को मिलती है। हरदुआ के पूर्व सरपंच राम सिंह पटेल बताते हैं कि सांसद द्वारा गोद लेने के बाद यहां पानी की टंकी व हर घर तक जल पहुंचाने के लिए पाइप लाइन का कार्य कराया गया था, लेकिन पानी के टंकी में लीकेज होने के कारण अब भी कई घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। जबकि ग्राम पंचायत में पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। वर्तमान सरपंच जयप्रकाश पटेल बताते हैं कि जल जीवन मिशन में गांव का सर्वे हो चुका है। पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा है। हालांकि उनके गांव की मुख्य सड़क से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य हुआ है। वहीं अमवा गांव के रहने वाले स्थानीय निवासी कुलदीप तिवारी बताते हैं कि गांव में जल जीवन मिशन का कार्य तेजी से चल रहा है। सड़क निर्माण कार्य भी तकरीबन पूरा हो गया है। गांव में माध्यमिक स्तर तक का विद्यालय है, जबकि उसके आगे की शिक्षा लेने के लिए बच्चों को जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। अमवा गांव की दूरी जिला मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर है। मऊगंज मुख्यालय से महज सात किलोमीटर दूर बहुती गांव मुख्य सड़क पर मुख्यालय से पांच किलोमीटर दूर है। गांव की कुल आबादी तकरीबन 2400 है, जबकि मतदाता 1850 है। यहां प्रधानमंत्री आवास लगभग ढाई सौ परिवारों को मिला है। गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइप लाइन बिछाने के साथ टंकी का निर्माण कार्य किया जा रहा है। गांव में तीन यात्री प्रतीक्षालय, पांच आंगनबाड़ी केंद्र, माध्यमिक विद्यालय उपलब्ध हैं।
ये वादे हुए पूरे
सांसद जनार्दन मिश्रा के पिछले चुनाव में किए गए वादों में करीब 95 फीसदी वादे पूरे हो गए हैं। रीवा एयरपोर्ट का निर्माण भी उनकी उपब्लिधि रही। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल, नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य हुए हैं। सांसद जनार्दन मिश्रा ने बताया कि उनके द्वारा सेमरिया में गौर अभयारण्य का निर्माण कार्य, रामकृष्ण परमहंस चिन्मय आश्रम चिकित्सालय के निर्माण कार्य भी कराए गए हैं। उनके आग्रह पर रीवा से भोपाल वंदे भारत ट्रेन, रीवा से नागपुर, रीवा से मुंबई, रीवा से बिलासपुर, रीवा से दुर्ग व रीवा से इंदौर के लिए नई ट्रेनों की सौगात भी मिली है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में पिछड़े
2019 के घोषणा पत्र में भाजपा प्रत्याशी व वर्तमान रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं चुस्त-दुरुस्त करने का वादा किया था। शहरी क्षेत्र को छोड़ दिया जाए तो गांव में आज भी स्वास्थ्य सुविधाएं लड़खड़ाती हुई नजर आती हैं। इसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तो खोले गए हैं, लेकिन वहां डाक्टरों की पदस्थापना नहीं है। जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन महिला नर्स, वार्ड ब्वाय या फिर सरकारी दवा वितरण केंद्र में पदस्थ केमिस्ट द्वारा किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को इलाज के लिए तहसील मुख्यालय या जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ता है। हालांकि मुख्यालय में जिला अस्पताल, श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय का संजय गांधी अस्पताल व रिचर्स सेंटर साथ ही सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में बेहतर मेडिकल सुविधाएं मिल रही हैं।
हमारे गांव को आदर्श बनाने के लिए सांसद ने बहुती को हाल में ही गोद लिया है। जल जीवन मिशन का काम चल रहा है। हालांकि हमारे ग्राम पंचायत में सर्वाधिक समस्या पेयजल की है, जबकि बेसहारा पशुओं के कारण लोगों ने खेती करना बंद कर दिया है।
-मनोज श्रीवास्तव, सरपंच, बहुती
हम लगातार पेंशन के लिए सांसद जनार्दन मिश्रा से मुलाकात करते रहे हैं, लेकिन वह बार-बार स्थानीय स्तर पर अधिकारियों से मिलने की बात कहकर मामले को टाल देते थे। इससे हमें पेंशन का लाभ नहीं मिला। अगर मिलता तो हमारे आर्थिक स्थिति में सुधार आ सकता था।
-बाबू लाल पांडेय, मनगवां रीवा
प्रदेश व केंद्र की डबल इंजन सरकार ने क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए हैं। चाहे वह रोड, रेलवे, हवाई कनेक्टिविटी का मामला हो या स्टार्टअप का। आइटी सेक्टर में काम करने के लिए सर्वे भी कराया है, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है। एयरपोर्ट बनकर तैयार हो गया है, जिसका फरवरी अंत में उद्घाटन हो जाएगा। अब लोग कम समय में महानगरों की दूरी तय कर सकेंगे। हमने लगातार ट्रेनों की मांग की और तकरीबन आधा दर्जन से अधिक ट्रेन रीवा को मिली हैं। इस कार्यकाल में किए गए काम से संतुष्ट हूं। कुपोषण दूर करने के लिए प्रत्येक घर के सामने मुनगा का पेड़ लगवाने की योजना थी। डीएफओ से बात भी की थी और पौधे नर्सरी में तैयार करने के लिए कहा भी था, लेकिन यह योजना फलीभूत नहीं हो पाई, जिसका मलाल है।
-जनार्दन मिश्रा, सांसद, रीवा लोकसभा क्षेत्र
जनार्दन मिश्रा
भाजपा
वर्ष 2014 में पहली बार सांसद बने। लगातार दो पंचवर्षीय से सांसद के रूप में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
संसद में उपस्थिति- 97 प्रतिशत
सवाल पूछे-94
संसद के मुद्दों में बहस का औसत- 69 प्रतिशत
इन समितियों में रहे सदस्य-
संसदीय स्थाई समिति, सार्वजनिक उपक्रम समिति, वन एवं मंत्रालय पर्यावरण समिति।
ये हैं बड़ी उपलब्धियां
346 करोड़ रुपये की लागत से रीवा एयरपोर्ट का निर्माण कार्य, जो पूर्णतः की ओर है, रीवा-सिंगरौली रेल लाइन का निर्माण कार्य, रीवा सतना रेल लाइन का दोहरीकरण, शहर में सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल का निर्माण कार्य।

