उसलापुर रेलवे स्टेशन को बिलासपुर के दूसरे माडल स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना है। इस पर कार्य प्रारंभ हो गया है। सर्वसुविधायुक्त स्टेशन बनाने के लिए चरणबद्ध काम कराए जा रहे हैं।
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Thu, 15 Feb 2024 08:00 AM (IST)
Up to date Date: Thu, 15 Feb 2024 08:00 AM (IST)
नईदुनिया न्यूज, बिलासपुर। उसलापुर रेलवे स्टेशन का स्वरूप बदलने वाला है। यहां दूसरे छोर से यात्री प्रवेश कर सकेंगे। इसके अलावा लाइन नंबर सात पर एक और प्लेटफार्म बनेगा। इसके बनते ही शहर के इस दूसरे प्रमुख रेलवे स्टेशन में चार प्लेटफार्म हो जाएंगे। इसी क्रम में यार्ड रिमाडलिंग का कार्य भी होगा। यही सभी काम अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शामिल है। जिसे लेकर रेलवे ने कवायद तेज कर दी है।
उसलापुर रेलवे स्टेशन को बिलासपुर के दूसरे माडल स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना है। इस पर कार्य प्रारंभ हो गया है। सर्वसुविधायुक्त स्टेशन बनाने के लिए चरणबद्ध काम कराए जा रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के दूसरे फेस में उसलापुर स्टेशन में विकास के और भी अनेक कार्य कराए जाएंगे | इसमें सबसे प्रमुख दूसरे छोर के पास लाइन नंबर सात पर नए प्लेटफार्म का निर्माण, स्टेशन के दूसरे छोर से प्रवेश। उसलापुर स्टेशन के उस पार बड़ी आबादी है। इस स्टेशन में ट्रेनों के ठहराव की संख्या बढ़ने से उन्हें काफी राहत मिली है। लेकिन, एक दिक्कत की वजह से उन्हें ओवरब्रिज से घूमकर रेलवे स्टेशन तक पहुंचना पड़ता है। दूसरे छोर से प्रवेश प्रारंभ होने के बाद लोगों की यह परेशानी खत्म हो जाएगी। दूसरे छोर से प्रवेश की सुविधा शुरू होने के साथ टिकट घर, पार्किंग, लिफ्ट, एप्रोच रोड, चौड़े फुट ओवरब्रिज का विस्तार और स्टेशन यार्ड की रिमाडलिंग भी की जाएगी। वर्तमान में यहां तीन प्लेटफार्म है। इन तीनों में शेड लगाए जा रहे हैं, ताकि बरसात में यात्रियों को न भीगना पड़े और तेज धूप होने पर भी यात्री परेशान न हो।
सुविधाओं के विस्तार के साथ फ्लाईओवर पर दौड़ने लगेंगी ट्रेनें
उसलापुर स्टेशन में इन सुविधाओं के विस्तार के बाद बिलासपुर से कटनी दिशा की ओर जाने वाली सभी कोचिंग ट्रेनों को बिलासपुर-उसलापुर फ्लाईओवर मार्ग से चलाई जाएगी। इन ट्रेनों का बिलासपुर स्टेशन के स्थान पर उसलापुर स्टेशन में ठहराव दिया जाएगा। बिलासपुर स्टेशन में क्रास मूवमेंट की समस्या दूर होगी और बिलासपुर-रायपुर दिशा की ट्रेनों को नियंत्रित नहीं करना पड़ेगा। उसलापुर में अधिक से अधिक यात्रियों का ठहराव होने लगेगा। वाणिज्य विकास का सीधा लाभ यात्रियों के अलावा व्यापारियों को मिलेगा।
बढ़ेगी गति, बिलासपुर में कम होगा दबाव
ट्रेनें बिलासपुर की जगह उसलापुर रेलवे स्टेशन में ठहरेंगी और फ्लाई ओवर से परिचालन होने लगेगा तो इससे ट्रेनों की गति बढ़ेगी। इसके अलावा बिलासपुर स्टेशन में परिचालन का दबाव कम होगा। इससे समयबद्वता में सुधार होगा। मालूम हो कि बिलासपुर से उसलापुर के बीच 10.4 किमी फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है। इसमें 26 जनवरी से मालगाड़ी का परिचालन प्रारंभ भी हो गया है। हालांकि अभी कोचिंग ट्रेनें इस पर नहीं चल रही है। इसको लेकर कुछ तकनीकी दिक्कतें हैं, जिसे रेल प्रशासन जल्दी दूर करने की तैयारी में हैं।





