Ambikapur Information : राहुल की न्याय यात्रा में अलग-थलग दिखे पूर्व सीएम बघेल और पूर्व मंत्री भगत
Ambikapur Information : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी की न्याय यात्रा अंबिकापुर पहुंची तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके बेहद करीबी रहे पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत पूरे आयोजन के दौरान अलग-थलग नजर आए।
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Thu, 15 Feb 2024 12:16 AM (IST)
Up to date Date: Thu, 15 Feb 2024 12:16 AM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि अंबिकापुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी की न्याय यात्रा अंबिकापुर पहुंची तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके बेहद करीबी रहे पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत पूरे आयोजन के दौरान अलग-थलग नजर आए। राहुल की न्याय यात्रा जब निकली तो उनके साथ खुली जीप पर पूर्व मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सवार थे किंतु पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के यहां रहने के बावजूद वे नजर नहीं आए। इधर आयकर के छापे के बाद पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के करीबियों ने उनका बैनर, पोस्टर तक नहीं लगाया। आयोजन स्थल पर भी अमरजीत भगत के बैनर पोस्टर गायब रहे। मंच पर भी वे एक किनारे बैठे नजर आए।राष्ट्रीय नेतृत्व ने इन दोनों को ज्यादा भाव भी मंच पर नहीं दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तो अपने उद्बोधन में यह भी कह दिया कि क्यों बघेल जी..! अरे भाग गए क्या.! बता दें पूरे पांच वर्ष खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के करीबी होने के कारण समानांतर संगठन खड़ा कर हर मंच पर सक्रिय नजर आते थे। सरगुजा का कांग्रेस संगठन जो टीएस सिंहदेव के समर्थक हैं वे अलग-थलग रहते थे किंतु सत्ता जाते ही अब भगत समर्थक गायब हो चुके हैं।आयोजन के दौरान यह चर्चा का विषय भी रहा कि आयकर के छापे के बाद अमरजीत भगत बैक फुट पर हैं। उनके समर्थक भी उनसे दूरी बनाए हुए हैं।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 12 फरवरी को उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा सीमा पर पहुंची थी। रात्रि विश्राम के बाद 13 फरवरी की सुबह यह यात्रा पुनः आरंभ हुई। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के क्षेत्र में यात्रा के स्वागत की जोरदार तैयारी की गई थी। यात्रा के छत्तीसगढ़ में प्रवेश के बाद कहीं भी इतनी भीड़ नजर नहीं आई। यह बात यात्रा में साथ चल रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश व एनएसयूवाइ के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने अंबिकापुर में स्वीकारी भी। अंबिकापुर में हुए जोरदार स्वागत और बड़ी आम सभा को देख सभी बड़े नेताओं ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव की प्रशंसा भी की किंतु इस पूरे यात्रा में जो नई बात नजर आई वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व पूर्व मंत्री उनके करीबी अमरजीत भगत से जुड़ी थी।सत्ता में रहते पूर्व उप मुख्यमंत्री सिंहदेव के क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत किसी भी आयोजन में पूरी ताकत लगा देते थे।जिला कांग्रेस संगठन से अलग समानांतर संगठन खड़ा कर उन्हें सामने लाते थे। हर आयोजन व हर मंच पर यही लोग दिखते थे और संगठन से जुड़े लोग हासिए पर चले जाते थे। सत्ता जाते ही सब कुछ बदल गया। अंबिकापुर के मंच पर वह तव्वजो न तो भूपेश बघेल को बड़े नेताओं ने दी और न ही अमरजीत भगत की पूछ परख हुई। बड़े नेताओं के आने से पहले जरूर अमरजीत भगत को उद्बोधन के लिए बुलाया गया था किंतु मंच पर वे किनारे अकेले बैठे नजर आए। सत्ता में रहते सरगुजा में राजनीति के प्रमुख धूरी बनकर उभरे अमरजीत भगत सत्ता जाते राहुल की यात्रा के बाद फीका पड़ गया है।
रात में राहुल से मिलने का प्रयास भी विफल
12 फरवरी को राहुल गांधी की न्याय यात्रा सरगुजा सीमा पहुंची तो कैंप में ही शिवनगर में रात उन्होंने बिताई। यहां की पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी सिंहदेव को दी गई थी। इस बीच अमरजीत भगत कैंप में ही राहुल गांधी से मिलने रात को पहुंचे।बताया जा रहा है कि उन्होंने अपना परिचय पूर्व मंत्री के रूप में दिया पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें मिलने नहीं दिया।इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहुंचे और उनसे भी राहुल गांधी के सुरक्षा कर्मियों ने पूछताछ शुरू कर दी। उन्होंने बताया मैं पूर्व मुख्यमंत्री हूं ,तब उन्हें राहुल गांधी के कैंप में प्रवेश मिला।
आयकर के छापे के बाद छवि हुई धूमिल,दूरी बना रहे कांग्रेसी
बता दें कि पिछले दिनों आयकर की टीम ने पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के रायपुर स्थित निवास के साथ अंबिकापुर, सीतापुर में कई ठिकानों पर कार्रवाई की थी। इनके 13 समर्थकों के यहां भी आयकर की टीम पहुंची थी। सभी से पूछताछ की गई। बेनामी संपत्ति का पर्दाफाश भी हुआ। अभी जांच जारी है किंतु आयकर की इस कार्रवाई से पूर्व मंत्री अमरजीत भगत की छवि धूमिल हो चुकी है। यही कारण है कि उनके समर्थक और कई बड़े कांग्रेसी नेता इनसे दूरी बनाए हुए हैं।

