दूध लेने जा रहा था युवक, तभी आई गोली चलने की आवाज… देखा तो खून से लथपथ पड़ा था वो

मध्य प्रदेश में देवास जिले के कन्नौद में एक युवक की गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई है। युवक मोटर वाइंडिंग का काम करता है और सुबह वह दूध लेने के लिए डेयरी की ओर जा रहा था। तभी हमलावर ने उसे गोली मार दी। इसके बाद हमलावर मौके से भाग गया।

By Prashant Pandey

Publish Date: Fri, 22 Nov 2024 10:36:54 AM (IST)

Up to date Date: Fri, 22 Nov 2024 10:41:18 AM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास/कन्नौद(Homicide in Dewas)। अंचल के कन्नौद नगर में सतवास रोड पर शुक्रवार सुबह सीने में गोली मारकर एक युवक की हत्या उसके घर के समीप कर दी गई। युवक को लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच करके मृत घोषित कर दिया। ठंड के दौर के चलते सुबह क्षेत्र में अधिक चहल-पहल नहीं थी, ऐसे में प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि किसी ने गोली चलाने वाले को आते-जाते नहीं देखा है।

न ही अभी यह स्पष्ट हो पाया है कि गोली मारने के बाद वो किस ओर भागा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जिस युवक की हत्या हुई वो सतवास रोड कन्नौद में डाक बंगला के सामने रहता था, वहीं पर उसकी मोटर वाइंडिंग की दुकान है।

निसार को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हो चुकी थी मौत

कन्नौद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय निसार खान दूध लेने के लिए घर के समीप डेयरी पर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश ने उनके सीने में गोली मार दी और भाग निकला। लोगों की मदद से निसार को अस्पताल पहुंचाया गया तब तक सांसें टूट चुकी थीं।

फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे पुलिस टीआई

वारदात की सूचना मिलने पर टीआई तहजीब काजी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पूछताछ की, आसपास के स्थान को देखा गया। लोगों के अनुसार घटनास्थल से कुछ दूरी पर कन्नौद की ओर व सतवास की ओर बैंक हैं, जहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

यहां से बाहर जाने के यही दो प्रमुख रास्ते हैं, इसी से आरोपित के भागने की आशंका है। गोली किसने चलाई, वजह क्या रही यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस के अनुसार लेनदेन, रंजिश आदि बिंदुओं को लेकर जांच की जा रही है।