टोनही के शक में महिला की हत्या कर शव फांसी पर लटकाया, बुजुर्ग दंपती और दो बेटे गिरफ्तार

ओड़गी थाना क्षेत्र के सावारांवा में एक वृद्ध महिला की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी दंपती और उनके दो पुत्रों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों का मानना था कि महिला ने टोना-टोटका किया था जिसके कारण उनके बड़े बेटे ने आत्महत्या की थी

By Neeraj Pandey

Publish Date: Tue, 19 Nov 2024 05:50:05 PM (IST)

Up to date Date: Tue, 19 Nov 2024 05:50:05 PM (IST)

वृद्ध महिला की हत्या के आरोप में चार लोग गिरफ्तार।

HighLights

  1. वृद्ध महिला की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया
  2. आरोपी दंपती और दो बेटों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
  3. परिवार को महिला पर टोना-टोटका करने का था शक

नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। जादू-टोने के शक में एक वृद्ध महिला की हत्या कर उसके शव को फांसी पर लटका दिया गया। मामला ओड़गी थाना क्षेत्र के सावारांवा गांव का है। ओड़गी पुलिस ने इस मामले में आरोपी दंपत्ति और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को शक था कि महिला टोना-टोटका करती है, जिसके कारण उनके एक भाई ने आत्महत्या कर लिया था।

महिला को घर से बुला ले गया था युवक

14 नवंबर की रात आरोपी मुकेश कुमार ने अपनी रिश्ते की दादी 65 वर्षीय ननकी बाई को अपने घर बुलाकर ले गया था। उसके बाद से ननकी बाई लापता थीं। महिला के स्वजन उसके वापस नहीं लौटने पर मुकेश कुमार के घर गए थे। जहां महिला और मुकेश कुमार दोनों नहीं मिले।

जंगल में लटका मिला शव

बाद में खोजबीन करने पर दो दिन बाद 16 नवंबर की देर शाम महिला का शव महुआपारा जंगल में पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शव पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई। हत्या के शक में पुलिस ने मुकेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

naidunia_image

टोना-टोटके का शक

पूछताछ में इस बात का पता चला कि ननकी बाई पर आरोपित टोनही होने की शंका करते थे। आरोपित मुकेश के बड़े भाई ने कई साल पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वे मान रहे थे कि ननकी बाई द्वारा टोना टोटका किये जाने के कारण ही उसके बड़े भाई ने आत्महत्या की है। इसी बात को लेकर वे ननकी बाई से रंजिश रखते थे।उसकी हत्या करने की नीयत से ही वह उसे लेकर अपने घर गया था।

  • पड़ोसी के घर गई बुजुर्ग महिला हुई लापता।
  • दो दिन बाद महिला का शव जंगल में फांसी के फंदे से लटका मिला।
  • महिला पर टोना-टोटका करने का शक के कारण की हत्या।
  • युवक की आत्महत्या के बाद महिला पर टोने का था शक।
  • मुकेश कुमार, उसके माता-पिता और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

पूरे परिवार ने मिलकर की हत्या

युवक ने अपने पिता, मां और भाई के साथ मिलकर महिला के साथ मारपीट की और टांगी के पासे से उसके सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या को फांसी की शक्ल देने के उद्देश्य से उन्होंने घर से थोड़ी दूरी पर जंगल के पेड़ में उसकी लाश को फांसी में लटका दिया था।

दो भाई, माता-पिता गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने आरोपित मुकेश कुमार समेत उसके बड़े भाई मुकुम राम, पिता प्राणसाय व मां मुन्नी बाई को हत्या एवं छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम 2005 की धारा 4,5 के तहत गिरफ्तार कर सूरजपुर न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में सूरजपुर जेल भेज दिया।