बाइक सवार दंपती को कार ने मारी टक्कर, पति की मौत, वीआईपी काफिले के इंतजाम में जुटी रही पुलिस

मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि घायल दंपती को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के बजाय लोग मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे और पुलिस वहां से गुजर रहे एक वीआईपी काफिले की व्यवस्था में लगी रही। अगर समय से इलाज मिल जाता तो युवक की जान बच सकती थी।

By Ravindra Soni

Publish Date: Tue, 19 Nov 2024 12:37:59 PM (IST)

Up to date Date: Tue, 19 Nov 2024 12:37:59 PM (IST)

सड़क हादसा – प्रतीकात्मक चित्र (इनसेट – हादसे का शिकार दंपती)

HighLights

  1. वीआईपी रोड पर हुआ सड़क हादसा।
  2. बाइक पर पीछे बैठी पत्नी हुई घायल।
  3. भाई का आरोप- लोग बनाते रहे वीडियो।

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी की वीआईपी रोड पर रविवार रात करीब पौने आठ बजे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार डिवाइडर में लगे सांकेतिक बोर्ड से टकरा गया। इस हादसे में बाइक चालक के मुंह और नाक में गंभीर चोट आई थी। करीब 15 मिनट के बाद घायल युवक और पत्नी को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पत्नी को मामूली चोट होने के कारण उसका इलाज चल रहा है।

…तो बच जाती जान

मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय राहगीर और पुलिस भी मौजूद थी। घायल भाई-भाभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजने की जगह लोग मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे और पुलिस यहां से गुजर रहे एक वीआईपी काफिले की व्यवस्था में लगी रही। अगर समय से भाई को इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी।

तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह

पुलिस के अनुसार न्यू जेल रोड गोंडीपुरा निवासी 25 साल के आकाश मालवीय मेडिकल स्टोर पर काम करते थे। तीन साल पहले ही उन्होंने परी मालवीय से प्रेम विवाह किया था। रविवार शाम दंपती घर से निकले थे। दोनों बाइक से वीआईपी रोड स्थित होटल नूर-उस-सबा के पास पहुंचे थे। जहां अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गए।

naidunia_image

मामले की जांच कर रहे एएसआई रमाशंकर खरे ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान नहीं हो सके हैं। प्रत्यक्षदर्शियों से भी कोई जवाब नहीं मिला। अब पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है। परी के बयान होने के बाद ही हादसे की सही वजह का पता चल सकेगा।

वीडियो में ट्रैफिक पुलिसकर्मी आया नजर

मृतक के भाई अंशु मालवीय ने बताया कि हादसे के बाद वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने सड़क पर पड़े आकाश और परी का अपने मोबाइल पर वीडियो बनाया था। वीडियो में आकाश औंधे मुंह पड़ा नजर आ रहा है। उसे एक युवक ने सीधा लिटाया, तो पता चला कि सड़क पर खून फैला दिख रहा है। उक्त वीडियो में ट्रैफिक का सिपाही भी नजर आया है। वह कुछ देर वहां खड़ा रहा, फिर वहां से गुजर रहे वीआईपी मूवमेंट को निकालने के लिए दूसरी तरफ चला गया। इधर, ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी का कहना है कि हादसे के समय काफिला खाली था।