Gwalior Crime: जमीन हड़पने के लिए पड़ोसी ने दो साथियों के साथ मिलकर की थी 70 वर्षीय वृद्धा की हत्या

बेलगढा थाना क्षेत्र के तहत हुई 70 साल की महिला की हत्‍या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला की हत्‍या जमीन हडपने के लिए उसके पडोसियों ने की थी। साथ ही इस हत्‍या में महिला के भतीजे को भी लालच देकर शामिल किया गया था। पुलिस ने आरोपितों को दबोच लिया है।

By amit mishra

Publish Date: Tue, 19 Nov 2024 08:46:14 AM (IST)

Up to date Date: Tue, 19 Nov 2024 08:46:14 AM (IST)

जमीन हडपने के लिए पडोसियों ने की थी बुजुर्ग महिला की हत्‍या। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. 70 वर्षीय वृद्धा की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है
  2. वृद्धा के पति का भतीजा भी हत्या के आरोपितों में शामिल
  3. आरोपितों ने साक्ष्य छिपाने के लिए चादर ओढाइ

नप्र,ग्वालियर। बेलगढ़ा थाना क्षेत्र में हुई 70 वर्षीय वृद्धा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा पर्दाफाश किया है। जमीन हड़पने के लिए बुजुर्ग महिला कुसुमबाई के घर के पास रहने वाले व्यक्ति मानसिंह जाटव ने अपने दो साथियों नारायण प्रजापति और हाकिम प्रजापति के साथ मिलकर रस्सी से महिला का गला घोंट दिया था। एक आरोपित नारायण मृतका के पति का भतीजा है।

मृतका कुसुमबाई के पति पतुआ प्रजापति के नाम करीब नौ बीघा जमीन है और मृतका कुसुम बाई की तीन बेटियां हैं, जो कि उसके पहले पति से हैं। मृतका का स्वभाव थोड़ा झगड़ालू था, जिसके चलते उसकी पड़ोसियों से लड़ाई होती रहती थी। शक के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी से पूछताछ की, सख्ती से पूछने पर उसने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर कुसुमबाई की हत्या करने की बात को स्वीकार लिया।

naidunia_image

आरोपित की निशानदेही पर उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित ने बताया कि उसकी जमीन व कुसुमबाई की जमीन आसपास में है। वह चाहता था कि वृद्धा जमीन उसे ही बेच दे, लेकिन वह पिछले कुछ महीनों से किसी और को बेचने की बात कर रही थी। तब उसने उसके पति पतुआ के भतीजे को बहला-फुसलाकर जमीन का लालच दिया। साथ ही 50 हजार रुपये देने की बात भी कही। 10 नवंबर को दिन में तीनों आरोपित घर में घुसे और रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के लिए चादर ओढ़ाकर, हाथ में मिठाई का टुकड़ा रख दिया जिससे यह लगे कि उसकी मृत्यु सामान्य तौर पर हुई है।

पुलिस ने काम्बिंग गश्त में पकड़े 269 फरार वारंटी

naidunia_image

शहर में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए रात को पुलिस सड़कों पर उतरी। शहर के सभी सीएसपी और थाना प्रभारी फोर्स के साथ चेकिंग पर निकले। रात से सुबह तक चेकिंग चली। जिसमे लंबे समय से फरार चल रहे 269 वारंटियों को पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ने गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों के घर दस्तक दी। महाराजपुरा में पुलिस ने चेकिंग प्वाइंट लगाए और नो एंट्री में आ रहे वाहनों पांच वाहन पकड़े, इनसे 12 हजार रुपये जुर्माना वसूला। बाइक सवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान कट्टे के साथ पकड़ा।