MP Climate: मप्र में रात का तापमान सामान्य से नीचे पहुंचा, ग्वालियर में पहला घना कोहरा
प्रदेश में उत्तरी हवाओं के कारण रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया, जिससे ग्वालियर संभाग में सीजन का पहला घना कोहरा देखा गया। खजुराहो में सर्वाधिक तापमान 32.6°C रिकॉर्ड हुआ, जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 8.2°C था। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Mon, 18 Nov 2024 09:53:56 PM (IST)
Up to date Date: Mon, 18 Nov 2024 09:53:56 PM (IST)
HighLights
- मध्य प्रदेश में उत्तरी हवाओं से तापमान में गिरावट
- ग्वालियर संभाग में घना कोहरा, दृश्यता 500 मीटर
- आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : प्रदेश में लगातार आ रही उत्तरी हवाओं से कई स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। इसकी वजह से ग्वालियर संभाग के जिलों में सीजन का पहला घना कोहरा देखा गया। अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में भी गिरावट के संकेत मिल रहे हैं।
ग्वालियर क्षेत्र में कोहरा
सोमवार सुबह प्रदेश के भिंड, मुरैना और ग्वालियर में अति घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते लोगों को सुबह अपनी गाड़ी की लाइट जलाकर आवाजाही करनी पड़ी। इस दौरान दृश्यता सुबह साढ़े आठ बजे 500 मीटर दर्ज की गई। दिन में ग्वालियर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहे।
खजुराहो में सबसे गर्म दिन
प्रदेश में सर्वाधिक गर्म दिन खजुराहो में रिकार्ड हुआ। वहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
रात के तापमान में गिरावट जारी
मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि जमीन से डेढ़ किलोमीटर ऊपर उत्तरी हवा चल रही है। इस वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी है। आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट होगी। उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम बना हुआ है, लेकिन प्रदेश में आने वाली हवाएं शांत हैं। प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा।
प्रमुख शहरों का तापमान
|
शहर |
अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| भोपाल | 30 डिग्री सेल्सियस | 13.2 डिग्री सेल्सियस |
|
इंदौर |
28 डिग्री सेल्सियस | 15.7 डिग्री सेल्सियस |
| ग्वालियर | 26.3 डिग्री सेल्सियस | 16. 2 डिग्री सेल्सियस |
| जबलपुर | 29.6 डिग्री सेल्सियस | 12.6 डिग्री सेल्सियस |

