रविवार 17 नवंबर को भोपाल शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां पर मानव संग्रहालय, राज्य संग्रहालय, जनजातीय संग्रहालय, बोट क्लब, सैर-सपाटा और वन विहार जैसी अनेक मनोरम जगह हैं, जहां भ्रमण करते हुए आप अच्छा वक्त बिता सकते हैं।
By Ravindra Soni
Publish Date: Solar, 17 Nov 2024 08:23:46 AM (IST)
Up to date Date: Solar, 17 Nov 2024 08:23:46 AM (IST)
HighLights
- शौर्य स्मारक में शाम को सैन्य फिल्म ‘फॉर द हाई सीज’ का प्रदर्शन किया जाएगा।
- जनजातीय संग्रहालय में भील चित्रकार अंजली बारिया की चित्र प्रदर्शनी सजी है।
- विवेकानंद पुस्तकालय में पाठकों के लिए किताबों का संग्रह प्रदर्शित किया जाएगा।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला निरंतर चलता रहता है। रविवार 17 नवंबर को भी शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
बोनसाई प्रदर्शनी – गुलाब उद्यान में बोनसाई प्रदर्शनी सजाई गई है, जिसमें 400 से अधिक पौधे प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इस प्रदर्शनी में जैड, मधुकामिनी, फाइकस, बुद्धा पीपल के 50 से 55 साल पुराने बोनसाई वृक्ष विशेष आकर्षण हैं। आज इस प्रदर्शनी का अंतिम दिन है। इसे सुबह 11 से सायं 8 बजे तक देखा जा सकता है।
पुस्तक संग्रह – स्वामी विवेकानंद लाइब्रेरी में सदस्यों द्वारा सुझाव के मुताबिक दी गई पुस्तकों का संग्रह सुबह 11 बजे रिलीज किया जाएगा। इस कलेक्शन में नॉन फिक्शन, लॉ , सेल्फ फिक्शन, मैनेजमेंट, इंडियन हिस्ट्री और बायोग्राफी की किताबों को शामिल किया गया है।
माह का प्रादर्श – इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में ‘माह का प्रादर्श’ श्रंखला के तहत इस माह ‘संब्रानी : एक पारंपरिक धूपदान’ का प्रदर्शन किया जा रहा है। वीथि संकुल में इसे सुबह 11 से शाम छह बजे तक देखा जा सकता है।
चित्र प्रदर्शनी – मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील चित्रकार अंजली बारिया के चित्रों की प्रदर्शनी का संयोजन किया गया है। इस 55वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी को दोपहर 12 से रात 08 बजे तक देख सकते हैं।
काव्य गोष्ठी – प्रभात साहित्य परिषद द्वारा ‘कोई कमी न थी’ विषय पर काव्य गोष्ठी का आयोजन हिंदी भवन में किया जा रहा है। समय दोपहर एक बजे से है।
सैन्य फिल्म प्रदर्शन – शौर्य स्मारक के मुक्ताकाश मंच पर सैन्य फिल्म ‘फॉर द हाई सीज’ का प्रदर्शन शाम पांच बजे से होगा। यह फिल्म नौसेना में भर्ती तथा उसकी परंपरा पर आधारित है।
अभिनय कार्यशाला – हम थियेटर ग्रुप द्वारा प्रस्तुतिपरक अभिनय कार्यशाला का आयोजन मायाराम सुरजन भवन में किया जा रहा है। 45 दिवसीय कार्यशाला में फिजिकल एक्सरसाइज, बॉडी मूवमेंट,वॉइस मॉड्यूलेशन, इंप्रोवाइजेशन, स्पीच, मेकअप और डायरेक्शन आदि का प्रशिक्षण देकर नाटक तैयार किया जा रहा है। अभिनय कार्यशाला का समय शाम छह बजे से है।





