भोपाल शहर में शनिवार 16 नवंबर को ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां पर मानव संग्रहालय, राज्य संग्रहालय, जनजातीय संग्रहालय, बोट क्लब, सैर-सपाटा और वन विहार जैसी अनेक मनोरम जगह हैं, जहां भ्रमण करने जाना आपके लिए खुशगवार हो सकता है।
By Sushil Pandey
Publish Date: Sat, 16 Nov 2024 07:55:53 AM (IST)
Up to date Date: Sat, 16 Nov 2024 07:55:53 AM (IST)
HighLights
- जनजातीय संग्रहालय में भील चित्रकार अंजली बारिया के चित्रों की प्रदर्शनी लगी है।
- गुलाब उद्यान में लगी बोनसाई प्रदर्शनी में 400 से अधिक पौधे प्रदर्शित किए जा रहे।
- शहीद भवन में आज शाम शिव ध्रुपद और ताल अष्टमंगल की प्रस्तुति दी जाएगी।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला निरंतर चलता रहता है। शनिवार 16 नवंबर को भी शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
बोनसाई प्रदर्शनी – गुलाब उद्यान में बोनसाई प्रदर्शनी सजाई गई है, जिसमें 400 से अधिक पौधे प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इस प्रदर्शनी में जैड, मधुकामिनी, फाइकस, बुद्धा पीपल के 50 से 55 साल पुराने बोनसाई वृक्ष विशेष आकर्षण हैं। इस प्रदर्शनी को सुबह 11 से सायं 8 बजे तक देखा जा सकता है। प्रदर्शनी 17 नवंबर तक चलेगी।
माह का प्रादर्श – इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में ‘माह का प्रादर्श’ श्रंखला के तहत इस माह ‘संब्रानी : एक पारंपरिक धूपदान’ का प्रदर्शन किया जा रहा है। वीथि संकुल में इसे सुबह 11 से शाम छह बजे तक देखा जा सकता है।
चित्र प्रदर्शनी – मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील चित्रकार अंजली बारिया के चित्रों की प्रदर्शनी का संयोजन किया गया है। इस 55वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी को दोपहर 12 से रात 08 बजे तक देख सकते हैं।
सैन्य फिल्म प्रदर्शन – शौर्य स्मारक के मुक्ताकाश मंच पर आज शाम सैन्य फिल्म ‘दिस इज नो सबरे रिटेलिंग’ का प्रदर्शन किया जाएगा।
क्लब लॉन्चिंग – भोजपुर क्लब में विंग्स आफ टैलेंट क्लब अदब की लॉन्चिंग की जाएगी। समय शाम पांच बजे है।
शास्त्रीय संगीत – पुरु कथक नृत्य अकादमी की ओर से शहीद भवन में दीक्षा गंडा बंधन संस्कार में गणेश वंदना, शिव ध्रुपद और ताल अष्टमंगल की प्रस्तुति शाम साढ़े छह बजे से होगी।