MP Excessive Court docket: पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के सीजे नियुक्त हुए न्यायमूर्ति शील नागू, मप्र में थे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश शील नागू अब पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे। राष्ट्रपति की मुहर के बाद उनको नई पदस्थापना मिली है। न्यायमूर्ति नागू ने जबलपुर से वकालत का शुभारंभ किया था।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Thu, 04 Jul 2024 08:15:57 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 04 Jul 2024 08:15:57 PM (IST)
HighLights
- न्यायमूर्ति शील नागू बने पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश
- पिछले दिनों मप्र हाई कोर्ट में बने थे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश
- जबलपुर में ही वकालत करते हुए बने हाई कोर्ट जज
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर : मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश शील नागू को पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के विधि एवं न्याय विभाग ने इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पूर्व सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने न्यायमूर्ति नागू को मप्र हाई कोर्ट से पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश बतौर पदोन्नत किए जाने की अनुशंसा कर दी थी। लिहाजा, राष्ट्रपति की मुहर मात्र प्रतीक्षित थी। यह प्रक्रिया पूर्ण होते हुए पदोन्नति आधार पर नई पदस्थापना का पथ प्रशस्त हो गया।
जबलपुर में वकालत करते हुए बने हाई कोर्ट जज
उल्लेखनीय है कि न्यायमूर्ति नागू ने जबलपुर से वकालत का शुभारंभ किया था। 2011 में उन्हें मप्र हाई कोर्ट में न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। यहां कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनने के पूर्व प्रशासनिक न्यायाधीश की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट से सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति आरएस झा भी जबलपुर के
पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद से सेवानिवृत्त हुए न्यायमूर्ति आरएस झा भी जबलपुर में वकालत के बाद न्यायाधीश नियुक्त हुए थे। लिहाजा, न्यायमूर्ति झा व नागू, दोनों का जबलपुर के विधि व न्याय जगत से गहरा जुड़ाव है।

