मध्य प्रदेश के भिंड के रहने वाले युवक ने सीहोर की रहने वाली लड़की से शादी की थी। शादी के बाद दोनों अमेरिका शिफ्ट हो गए, बाद में विवाद के कारण दोनों में तलाक भी हो गया। दोनों का एक बेटा है, जिसे मां अपने साथ भारत ले आई। अब युवक ने बेटे के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। पढ़िए क्या है पूरा मामला…
By Neeraj Pandey
Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 10:18:28 PM (IST)
Up to date Date: Tue, 02 Jul 2024 10:18:28 PM (IST)
HighLights
- अमेरिका में रह रहे पिता ने मांगी बच्चे की कस्टडी
- ग्वालियर खंडपीठ में दायर की गई है बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका
- दंपति के तलाक के बाद मां पास रह रहा बेटा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर : अमेरिका में रह रहे युवक ने हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर करके तलाकशुदा पूर्व पत्नी के पास रह रहे अपने बेटे की कस्टडी मांगी है। मंगलवार को हाई कोर्ट में इस पर सुनवाई हुई। हाईकोर्ट ने बच्चे की मां को जवाब पेश करने के लिए 30 जुलाई का समय दिया है। अगली सुनवाई पर महिला को कोर्ट के समक्ष अपना पक्ष रखना होगा।
शादी के बाद अमेरिका चले गए थे पति-पत्नी
दरअसल, अमेरिका में रह रहे भिंड के मूल निवासी युवक विष्णु गुप्ता की शादी सीहोर में रहने वाली एक लड़की से हुई। शादी के बाद वह अपने पति के साथ अमेरिका चली गई थी। पहले कुछ वर्षों तक तो सब कुछ सही रहा। जीवन भी अच्छा चल रहा था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच विवाद शुरू होने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच तलाक लेने की नौबत आ गई। इस दौरान दोनों का एक बच्चा भी हो गया था।
बच्चे की कस्टडी युवक को मिली, मां उसे भारत ले आई
विवाद की स्थिति में सुधार न होने पर दोनों ने वहीं तलाक ले लिया। अमेरिका में मिले तलाक के बाद बच्चे की कस्टडी युवक को दी गई थी, लेकिन उसकी पत्नी बच्चे को अपने साथ भारत ले आई। जब युवक ने बच्चे की कस्टडी देने को कहा तो युवती ने मना कर दिया। इसके बाद युवक ने अपने भाई की मदद से हाई कोर्ट में याचिका दायर करते बेटे की कस्टडी की मांग की है। हाई कोर्ट का इस पर निर्णय लेना है।





