Bhopal Information: माल वाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, चालक बाल बाल बचा

Bhopal Information: माल वाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, चालक बाल बाल बचा

एक बाइक सवार तेज रफ्तार से मुलताई की ओर आ रहा था तभी वह माल वाहक वाहन के सामने आ गया। इस कारण वाहन चालक ने बाईक सवार को बचाने के लिए तुरंत ब्रेक लगाया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बाजू में नाले में जाकर पलट गया। उस समय रास्‍ता खाली था, इसल‍िए कोई जनहान‍ि नहीं हो पाई।

By Vinay Verma

Edited By: Vinay Verma

Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 06:14:39 PM (IST)

Up to date Date: Tue, 02 Jul 2024 09:26:20 PM (IST)

क्षतिग्रस्त माल वाहक वाहन!

मुलताई। परमंडल के पास बाईक सवार को बचाने माल वाहक वाहन अनियंत्रित होकर नाले में जाकर पलट गया। दुर्घटना में वाहन चालक बाल बाल बच गया वहीं वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह परमंडल के पास एक बाइक सवार तेज रफ्तार से मुलताई की ओर आ रहा था तभी वह माल वाहक वाहन के सामने आ गया जिससे वाहन चालक ने बाईक सवार को बचाने के लिए ब्रेक लगाया जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बाजू में नाले में जाकर पलट गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में चालक चलते वाहन से कूद गया जिससे वह बाल बाल बच गया।

ससुराल से पैदल घर लौट रहे युवक की बाइक की टक्कर से मौत

बैतूल। जिले के ग्राम पाढर जाखली के पास सोमवार रात्रि में पैदल घर जा रहे युवक को बाइक चालक ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाइक जब्त कर चालक की तलाश प्रारंभ कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जाखली निवासी ओझू अहाके सोमवार को अपनी ससुराल चिखलार गया था। वहां से शाम को बस से वापस पाढर आया और पैदल अपने घर जाखली जा रहा था। रात करीब 10 बजे अज्ञात बाइक चालक ने उसे रास्ते में टक्कर मार दी।

गंभीर चोट आने पर बाइक मौके पर ही छोड़कर चालक भाग गया। राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल लाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मंगलवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंपकर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत विक्षत शव

बैतूल। नगर के सदर क्षेत्र में रेलवे पटरी पर युवक का क्षत विक्षत अवस्था में शव पड़ा मिला है। जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार सदर में रेलवे के अंडर ब्रिज के पास रेलवे पटरी पर शव पड़ा हाेने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर देखा तो बैतूल से इटारसी की ओर जाने वाले ट्रैक पर 55-60 वर्ष की उम्र के अज्ञात व्यक्ति शव बरामद किया है। ट्रेन की चपेट में आने से मृतक का सिर धड़ से अलग हो चुका है।जबकि उसके हाथ पैर भी कट गए।जीआरपी ने आशंका जताई है कि रेल पटरी पार करते हुए हादसे का शिकार हुआ होगा।