लोगों ने इतना कहा, खराब समय हमेशा… T-20 वर्ल्ड कप जीतते ही पांड्या ने ट्रोलर्स को सुना दिया

लोगों ने इतना कहा, खराब समय हमेशा… T-20 वर्ल्ड कप जीतते ही पांड्या ने ट्रोलर्स को सुना दिया

टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को रौंद दिया. भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के जबड़े से जीत छीन ली. भारतीय टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाने वालों में हार्दिक पांड्या भी शामिल थे, जो पिछले कुछ दिनों से ट्रोलिंग का सामना कर रहे हैं.

टीम इंडिया की जीत के बाद हार्दिक पांड्या की आंखें नम हो गईं. पांड्या ने कहा कि आईपीएल में नाकामी के बाद जो लोग उनकी आलोचना कर रहे थे, उन्हें उन लोगों से कोई गिला नहीं है. ऐसे लोग उन्हें एक प्रतिशत भी नहीं जानते. आपको बता दें कि आईपीएल में रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस के कप्तान बने हार्दिक को प्रशंसकों की हूटिंग झेलनी पड़ी.

जो लोग मुझे 1 प्रतिशत नहीं जानते…
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई प्लेआफ में जगह नहीं बना सका और बतौर कप्तान तथा खिलाड़ी उन पर सवाल उठाये गए. हालांकि टी-20 वर्ल्ड कप में हार्दिक ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का मुंह बंद कर दिया. टी-20 का खिताब जीतने के बाद पांड्या ने कहा- ‘‘ मैं गरिमा में विश्वास करता हूं. जो लोग मुझे एक प्रतिशत भी नहीं जानते, उन्होंने इतना कुछ कहा. लोगों ने बोला लेकिन कोई बात नहीं, मेरा हमेशा मानना है कि शब्दों से जवाब नहीं देना चाहिये, हालात जवाब दे देते हैं..’’

Image

हमें बेहतर आचरण…
पांड्या ने आगे कहा- ,‘‘ खराब समय हमेशा नहीं रहता. गरिमा बनाये रखना जरूरी है , चाहे आप जीतें या हारें…’’ हार्दिक ने कहा ,‘‘ प्रशंसकों और सभी को यह सीखना होगा (शालीनता से रहना ). हमें बेहतर आचरण रखना चाहिये. मुझे यकीन है कि अब वे ही लोग खुश होंगे..’’

हार्दिक ने आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 16 रन नहीं बनाने दिये . उन्होंने कहा ,‘‘ ईमानदारी से कहूं तो मुझे मजा आ रहा था. बहुत कम लोगों को ऐसे जिंदगी बदलने वाले मौके मिलते हैं. यह दांव उलटा भी पड़ सकता था लेकिन मैं आधा भरा गिलास देखता हूं, आधा खाली नहीं…’’ उन्होंने कहा ,‘‘ मैं दबाव नहीं ले रहा था और अपने कौशल पर भरोसा था. यह पल हमारी किस्मत में लिखा था.’’
(इनपुट- भाषा से भी)

Tags: Hardik Pandya, Icc T20 world cup, Rohit sharma, Virat Kohli