सूर्यकुमार यादव ने डेविड मिलर का शानदार कैच पकड़ा.साउथ अफ्रीका को 6 गेंदों पर 16 रन की दरकार थी. मिलर के आउट होते ही मैच भारत की झोली में आ गया था.
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी 17 साल बाद एक बार फिर भारत आ रही है तो इसका श्रेय पूरी तरह से सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह और विराट कोहली के शानदार प्रदर्शन को जाता है. इन सभी प्लेयर्स ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मैच में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा सूर्यकुमार यादव की हो रही है. आखिरी ओवर में SKY ने साउथ अफ्रीकी बैटर डेविड मिलर का शानदार कैच पकड़कर भारत की जीत पक्की कर दी थी. पूर्व भारतीय ओपनर नवजोत सिंह सिद्धू ने सूर्यकुमार यादव की तारीफ में कसीदे पड़े.
इस वक्त सोशल मीडिया पर नवजोत सिंह सिद्धू का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो सूर्यकुमार यादव के लिए एक बेहद शानदार शेर सुनाते नजर आ रहे हैं. सिद्धू ने कहा, ‘सूर्यकुमार यादव, हमने तो मांगी थी बस जरा सी रौशनी तुझसे, तूने तो हथेली पर लाकर सूरज रख दिया, खटाक.’ सूर्यकुमार यादव फाइनल में बल्ले से भले ही ज्यादा योगदान नहीं दे पाए हों लेकिन मिलर का कैच पकड़कर उन्होंने मुकाबले को साउथ अफ्रीका की पकड़ से दूर पहुंचा दिया. भारत को आखिरी छह गेंदों पर 16 रनों का बचाव करना था. पहली ही गेंद पर मिलर ने सामने छक्के के लिए हवाई शॉट लगाया.





