MP Meeting Monsoon Session: नर्सिंग कालेज घोटाले पर विधानसभा में सत्तापक्ष व विपक्ष के मध्य तीखी तकरार, राहुल गांधी के बयान पर भी नोंकझोंक

MP Meeting Monsoon Session: नर्सिंग कालेज घोटाले पर विधानसभा में सत्तापक्ष व विपक्ष के मध्य तीखी तकरार, राहुल गांधी के बयान पर भी नोंकझोंक

नर्सिंग कालेज घोटाले को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर है। उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत इस मुद्दे पर चर्चा करते हुए कहा कि विश्वास सारंग के (चिकित्सा शिक्षा) मंत्री रहने के दौरान एक वर्ष में 219 कॉलेज खोले गए। उन्होंने सारंग काे मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की।

By Vaibhav Shridhar

Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 08:27:17 AM (IST)

Up to date Date: Tue, 02 Jul 2024 02:30:31 PM (IST)

प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. सोमवार को भी कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सदन के बाहर व भीतर खूब हंगामा किया था।
  2. भोपाल में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मंत्री विश्वास सारंग के बंगले का घेराव किया था।
  3. उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा, मंत्री पद पर रहते हुए जांच को प्रभावित कर सकते हैं सारंग।

राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में हुए नर्सिंग कालेज घोटाले को लेकर विधानसभा में मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को चर्चा हो रही है। इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने सरकार की सहमति से उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, जयवर्धन सिंह समेत कांग्रेस के अन्य विधायकों की ध्यानाकर्षण सूचना को स्वीकार किया है। विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस नेता हेमंत कटारे ने नर्सिंग घोटाले पर सरकार को घेरते हुए कहा कि नर्सिंग काउंसिल आउटसोर्स कर्मियों के जरिए चल रहा है। लंबे समय से इसमें नियमित स्टाफ नहीं है। इसी के साथ फर्जी नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता दी गई है। इतना ही नहीं, एक ही प्रिंसिपल एक ही सत्र में कई कॉलेज में पोस्टेड हैं। कटारे ने कहा जिस रजिस्ट्रार को गलत तरीके से नियुक्ति किया था उसे सिर्फ दिखावे के लिए बर्खास्त किया है।

हेमंत कटारे ने कहा कि विश्वास सारंग के (चिकित्सा शिक्षा) मंत्री रहने के दौरान एक वर्ष में 219 कॉलेज खोले गए। कोविड काल में यह सारा खेल हुआ। सुनीता शिजू, योगेश शर्मा का मामला कटारे ने उठाया। कटारे ने कहा कि शर्मा की नियुक्ति में नियमों का पालन नहीं किया गया है।

उप नेता प्रतिपक्ष कटारे ने मंत्री विश्वास सारंग को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग करते हुए कहा कि वह मंत्री पद रहते हुए जांच प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने कहा- वीसी, रजिस्ट्रार के खिलाफ कार्रवाई हो। एसीएस जो पहले थे, अभी भी हैं, उनको हटाया जाए। इस मामले में जिम्मेदार महेंद्र गुप्ता की संपत्ति की जांच होनी चाहिए ।

उप-मुख्यमंत्री, लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने हेमंत कटारे के सवाल पर जवाब पेश करते हुए कहा कि कोर्ट के आदेश अनुसार करवाई की गई है। 2023-24 में नए कॉलेजों की मान्यता संबंधी कोई आवेदन नहीं आया है।

सदन में हुआ हंगामा

इससे पहले मंगलवार सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर राहुल गांधी द्वारा सोमवार को लोकसभा में हिंदुओं पर दिए गए विवादित बयान की गूंज सुनाई दी। इस मुद्दे को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई और सदन में हंगामे की स्थिति बन गई।

भाजपा विधायक सीताशरन शर्मा ने लोकसभा में राहुल गांधी के हिंदुओं को हिंसक बताएं जाने संबंधी बयान पर आपत्ति जताई और कहा कि कांग्रेस इसके लिए माफी मांगे। इस पर सदन में हंगामा हो गया। सत्ता पक्ष के सभी लोग खड़े हो गए और माफी भी मांग करने लगे। उधर कांग्रेस के विधायकों ने इसका प्रतिकार किया। हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने 15 मिनट के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

गौरतलब है कि नर्सिंग कालेज घोटाले को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर है। सोमवार को विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने स्थगन प्रस्ताव लाते हुए सदन में इस पर तुरंत चर्चा की मांग करते हुए हंगामा किया था। वहीं सदन के बाहर भी कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन करते हुए तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के बंगले का घेराव किया था।

विश्वास सारंग फिलहाल सहकारिता, खेल व युवा कल्याण मंत्री हैं। कांग्रेस नर्सिंग कालेज घोटाले की निष्पक्ष जांच कराने और मंत्री सारंग के इस्तीफे की मांग कर रही है।