Aayush Sharma advised the story of his marriage with Arpita Khan | आयुष शर्मा ने बताई अर्पिता खान से शादी की कहानी: बोले-‘पेरेंट्स ने कहा था कि कमाते कुछ हो नहीं, इतने बड़े घर की लड़की के खर्चे कैसे उठाओगे?’

21 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बॉलीवुड एक्टर आयुष शर्मा अपनी लव लाइफ की वजह से सुर्खियों में रहते हैं। आयुष ने सलमान खान की बहन अर्पिता से शादी की है। एक इंटरव्यू में आयुष ने कहा है कि जब उन्होंने अपने पेरेंट्स को अर्पिता से शादी करने के बारे में बताया था तो वे परेशान हो गए थे।

आयुष हाल ही में भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में पहुंचे थे जहां उन्होंने अर्पिता के साथ अपनी लव स्टोरी के बारे में बात की।

डेटिंग के दिनों में आयुष और अर्पिता।

डेटिंग के दिनों में आयुष और अर्पिता।

उन्होंने उस टाइम को याद किया जब वो 24 साल के थे और उन्होंने अपने पेरेंट्स को अर्पिता के बारे में बताते हुए कहा था कि वो उनसे शादी करना चाहते हैं।

आयुष बोले कि जब उन्होंने शादी के बारे में बात की तो उनके पिता परेशान हो गए थे क्योंकि तब तक उनकी पहली फिल्म भी रिलीज नहीं हुई थी और वो कुछ कमाते भी नहीं थे।

बेटी आयत और बेटे आहिल के साथ अर्पिता और आयुष।

बेटी आयत और बेटे आहिल के साथ अर्पिता और आयुष।

पिता ने कहा-अर्पिता के खर्चे कैसे उठाओगे?

आयुष बोले, ‘पापा ने कहा कि तुम काम नहीं करते, कुछ कमा भी नहीं रहे। इसके बावजूद तुम ऐसी लड़की से शादी करना चाहते हो जो इतने बड़े घर की है। तुम उसके खर्चे कैसे उठाओगे?’

आयुष के मुताबिक, उन्होंने अपने पिता से फाइनेंशियल हेल्प मांगी थी लेकिन उन्होंने मना कर दिया था।

आयुष ने ये भी बताया कि उनके पिता को रिश्ते से कोई दिक्कत नहीं थी लेकिन उनकी मां को इस बात की चिंता थी कि अलग-अलग बैकग्राउंड के परिवार कैसे तालमेल बैठा पाएंगे। बाद में जब उनके पेरेंट्स खान फैमिली से मिले तो उनके सारे डाउट्स क्लियर हो गए।

2014 में हुई थी आयुष-अर्पिता की शादी

आयुष और अर्पिता की शादी हैदराबाद के होटल फलकनुमा में 18 नवंबर 2014 को हुई थी। इस शादी की बागडोर खुद सलमान ने संभाली थी। शादी के बाद मुंबई में एक ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी भी रखी गई थी। अब आयुष और अर्पिता दो बच्चों के पेरेंट्स बन चुके हैं।