Video: जीत के बाद कोच द्रविड़ का चौंकाने वाला बयान, रोहित को मैं बहुत याद करूंगा, उम्मीद है कि हम दोस्त बने रहेंगे

ब्रिजटाउन. भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी टी20 विश्व कप का खिताब जीतकर लंबे वक्त के चले आ रहे ट्रॉफी के सूखे को खत्म कर दिया. पिछले साल वनडे वर्ल्ड फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा के साथ कोच राहुल द्रविड़ हद से ज्यादा मायूस हो गए थे. आम तौर पर शांतचित्त रहने वाले राहुल द्रविड़ टी20 विश्व कप जीतने के बाद बच्चों की तरह उछलते नजर आये और बतौर खिलाड़ी जो ट्रॉफी नहीं जीत सके, उसे कोच के तौर पर दिलाने के लिये उन्होंने अपनी टीम को धन्यवाद दिया.

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने रोमांचक फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर आईसीसी खिताब के लिये 11 साल का इंतजार खत्म किया. द्रविड़ ने जीत के बाद कहा ,‘‘ पिछले कुछ घंटों में मेरे पास शब्द नहीं है. मुझे इस टीम पर गर्व है, जिस तरह से कठिन परिस्थितियों में टीम ने संघर्ष किया. पहले छह ओवर में तीन विकेट गंवाने के बाद इस तरह की जीत दर्ज करना बताता है कि यह टीम जुझारूपन छोड़ने वाली नहीं है. एक खिलाड़ी के तौर पर मैं इतना खुशकिस्मत नहीं रहा कि विश्व कप जीत सकूं. मैने खेलने के दिनों में अपनी ओर से पूरी कोशिश की लेकिन खेल में यह सब होता है.’’