Shivpuri Information: अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन की टीम पर फायरिंग, बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा, 4 आरोपियों पर FIR
शिवपुरी जिले के गांव में कब्जा हटाने पहुंची राजस्व व पुलिस टीम पर हमला हो गया। आरोपियों ने जान से मारने की नियत से राजस्व निरीक्षक पर गोली चला दी। जान बचाकर भाग रही प्रशासन की टीम को आरोपियों ने बंधक बना लिया। उसके बाद उनके साथ लाठी व डंडों से मारपीट की।
By Anurag Mishra
Publish Date: Sat, 29 Jun 2024 02:14:46 AM (IST)
Up to date Date: Sat, 29 Jun 2024 02:14:46 AM (IST)

HighLights
- पीड़ित की भूमि पर आरोपियों ने कर लिया है कब्जा।
- तहसील न्यायालय के आदेश का पालन करने पहुंची थी टीम।
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जसराजपुर में शुक्रवार को तहसील न्यायालय के आदेश पर राजस्व व पुलिस की टीम अतिक्रमण हटाने गई थी। इसी दौरान अतिक्रमण करने वाले परिवार ने राजस्व व पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
अमले को बंधक बनाकर लाठी, कुल्हाड़ी आदि से हमला कर मारपीट की। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया है।
जानकारी के अनुसार तहसील न्यायालय के आदेश के पालन में धारा 250 के प्रकरण में शुक्रवार को राजस्व निरीक्षक राजेश वर्मा, राजस्व दल पटवारी पराग राहौरा, पटवारी संदीप वर्मा, हल्का पटवारी दर्रोनी हरी वर्मा तहसील शिवपुरी व पुलिस टीम के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे।
कब्जा दिलाने गई थी टीम
टीम ग्राम जसराजपुर में भूमि स्वामी जयकुमार पुत्र हुकुमचंद जैन की जमीन से सरदार सिंह पुत्र भगवानलाल रावत को बेदखल करने और आवेदक जयकुमार जैन को उसकी भूमि का कब्जा दिलाने गई थी।
आरोपी ने राजस्व निरीक्षक पर चलाई गोली
इसी दौरान सरदार सिंह रावत ने स्वजन के साथ मिलकर टीम पर बंदूक, कुल्हाड़ी, लाठी से हमला कर दिया। राजस्व निरीक्षक को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। राजस्व अमले को मारपीट कर बंधक बना लिया।
पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला किया दर्ज
सूचना मिलने पर पुलिस बल ने मौके पर पहुंच कर सभी बंधकों को मुक्त कराया। पुलिस ने दीपक रावत, शिवदयाल रावत, अभिषेक रावत पुत्रगण सरदार सिंह रावत, सरदार सिंह पुत्र भगवानलाल रावत के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया है।

